जमशेदपुर में बनेगा XLRI का दूसरा नया कैंपस: डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा मिलते ही मिलेगी डायरेक्ट MBA और PhD की डिग्री
XLRI जमशेदपुर अपना दूसरा नया कैंपस स्थापित कर रहा है, जिसे केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से 'डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी' का दर्जा मिल ...और पढ़ें

एक्सएलआरआइ ने अपनी ऐतिहासिक गृहभूमि जमशेदपुर में दूसरा नया कैंपस स्थापित करने की ठोस योजना बनाई है।
HighLights
XLRI जमशेदपुर में दूसरा नया कैंपस स्थापित किया जा रहा है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से 'डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी' का दर्जा मिला।
छात्रों को अब सीधे MBA और PhD की डिग्री मिलेगी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। देश के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूलों में शामिल XLRI (जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट) जमशेदपुर में अपना दूसरा नया कैंपस स्थापित करने जा रहा है।
वर्ष 1949 में स्थापित इस संस्थान ने जमशेदपुर में ही क्षमताओं का बड़ा विस्तार करने की योजना बनाई है। संस्थान को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय से 'डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी' का आशय पत्र (LOI) मिल चुका है।
जगह की कमी और नए कैंपस की जरूरत
यूनिवर्सिटी का दर्जा मिलते ही यह नया कैंपस उच्च स्तरीय वैश्विक प्रबंधन शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनेगा। XLRI के निदेशक फादर सेबेस्टियन जॉर्ज के अनुसार, जमशेदपुर स्थित मौजूदा मुख्य कैंपस इस समय अपनी पूरी क्षमता के साथ चल रहा है।
यहां वर्तमान में बिजनेस मैनेजमेंट (BM) में 240, मानव संसाधन प्रबंधन (HRM) में 180 और रिसर्च में 40 छात्रों को प्रवेश दिया जाता है।
स्थान की सीमा को देखते हुए शहर में ही एक आधुनिक दूसरा कैंपस तैयार किया जा रहा है। यूनिवर्सिटी का दर्जा मिलने के बाद शुरू होने वाले 5 नए स्कूलों और कम से कम 10 नए विशिष्ट पाठ्यक्रमों के संचालन में इस नए कैंपस की अहम भूमिका होगी।
पीजीडीएम की जगह अब सीधे मिलेगी MBA की डिग्री
डीम्ड यूनिवर्सिटी बनते ही XLRI में पढ़ाई के स्वरूप में बड़ा बदलाव आएगा। अब छात्रों को पारंपरिक PGDM के स्थान पर सीधे आधिकारिक MBA की डिग्री मिलेगी, जबकि फेलो प्रोग्राम की जगह PhD की डिग्री दी जाएगी।
यह बदलाव आईआईएम (IIM) द्वारा डिग्री देने की व्यवस्था शुरू करने के बाद छात्रों के वैश्विक करियर को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।
अमरावती से दिल्ली तक विस्तार, लेकिन जमशेदपुर रहेगा मुख्य केंद्र
XLRI ने अपनी राष्ट्रीय पहचान को मजबूत करते हुए दिल्ली-एनसीआर और महाराष्ट्र के कर्जत में अपने परिसर स्थापित किए हैं।
इसके अलावा, आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती में एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कैंपस बनाने की योजना पर काम चल रहा है।
हालांकि, इन सभी परिसरों के बीच जमशेदपुर ही संस्थान का मुख्य और सबसे मजबूत आधार बना रहेगा। 'ट्रिपल क्राउन' अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त XLRI को देश के शीर्ष बी-स्कूलों में 5वां स्थान हासिल है।
दूसरे कैंपस के बनने से जमशेदपुर के शैक्षणिक और आर्थिक विकास को एक नई पहचान और गति मिलेगी।
