Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    टाटा स्टील डाउन स्ट्रीम में 29 माह से लंबित ग्रेड रिवीजन; सुविधाओं में कटौती पर प्रबंधन-यूनियन में तकरार

    Updated: Fri, 08 May 2026 10:42 PM (IST)

    टाटा स्टील डाउन स्ट्रीम प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TSDPL) में 29 महीने से लंबित वेतन समझौते पर प्रबंधन और यूनियन के बीच गतिरोध गहरा गया है। प्रबंधन ने इंक्री ...और पढ़ें

    प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

    प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

    HighLights

    1. 29 माह से लंबित वेतन समझौते पर गतिरोध गहराया।

    2. यूनियन ने प्रस्ताव खारिज कर अपनी मांगें रखीं।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील डाउन स्ट्रीम प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TSDPL) में कर्मचारियों का वेतन समझौता पिछले 29 महीनों से अधर में लटका हुआ है। शुक्रवार को कंपनी परिसर में आयोजित प्रबंधन और यूनियन की उच्च स्तरीय बैठक में प्रबंधन द्वारा रखे गए प्रस्तावों के बाद गतिरोध और गहरा गया है। 
     

    प्रबंधन का प्रस्ताव: इंक्रीमेंट फ्रीज और सुविधाओं में कटौती 

    बैठक के दौरान प्रबंधन ने वैश्विक प्रतिस्पर्धा और बढ़ते एम्प्लॉई कॉस्ट का हवाला देते हुए दो मुख्य प्रस्ताव रखे:
    •     नए वेतन समझौते में कर्मचारियों का इंक्रीमेंट फ्रीज किया जाए। 
    •     ओपीडी (OPD) में मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं पर एक निश्चित राशि की सीमा (Limit) तय की जाए। 
    प्रबंधन ने स्पष्ट कर दिया है कि बाजार की मौजूदा स्थिति को देखते हुए पिछले वर्षों की तरह भारी ग्रेड रिवीजन देना फिलहाल संभव नहीं है। 


    यूनियन का कड़ा रुख: कोई कटौती स्वीकार नहीं 

    यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय और महामंत्री त्रिदेव सिंह के नेतृत्व में श्रमिक नेताओं ने प्रबंधन के इन दोनों प्रस्तावों को तुरंत खारिज कर दिया। यूनियन ने साफ किया कि कर्मचारियों को मिलने वाली पुरानी सुविधाओं में किसी भी तरह की कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 


    यूनियन की प्रमुख मांगें 

    श्रमिक संगठन ने कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं:
    •     सामाजिक सुरक्षा: टाटा मोटर्स की तर्ज पर कर्मचारियों को 50 लाख रुपये का सोशल सिक्योरिटी लाभ।
    •     ग्रुप इंश्योरेंस: बीमा कवर की राशि बढ़ाकर 20 से 25 लाख रुपये करना।
    •     रोजगार: आईटीआई और डिप्लोमा स्तर पर नई बहाली शुरू करना और इसमें कर्मचारी पुत्रों को प्राथमिकता देना।
    •     ट्रेड अपरेंटिस: युवाओं के लिए कंपनी में ट्रेड अपरेंटिस की शुरुआत।
     

    आगे की रणनीति 

    किसी भी मुद्दे पर आम सहमति न बन पाने के कारण बैठक को स्थगित कर दिया गया है। अब यूनियन के प्रस्तावों पर विचार करने के लिए प्रबंधन एमडी (MD) स्तर पर चर्चा करेगा। इस बैठक में प्रबंधन की ओर से सीएचआरओ करण लखानी, डिवीजनल मैनेजर पुण्य श्लोक गुरु और यूनियन की ओर से अमनजी, सच्चिदानंद व उपेंद्र राय उपस्थित थे।