साकची में खूंखार हुआ आवारा कुत्ता: गुरुद्वारा बस्ती में 12 लोगों को काटकर किया लहूलुहान, मची भगदड़
जमशेदपुर के साकची स्थित गुरुद्वारा बस्ती में एक आवारा कुत्ते ने 12 लोगों पर हमला कर घायल कर दिया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। बच्चों, महिलाओं और बुजु ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
जेएनएसी टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कुत्ते को पकड़ा।
लोगों ने आवारा कुत्तों पर नियंत्रण की स्थायी व्यवस्था मांगी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर । शहर के साकची क्षेत्र में सोमवार को एक आवारा कुत्ते ने जमकर आतंक मचाया। साकची गुरुद्वारा बस्ती में कुत्ते ने अचानक उग्र होकर करीब एक दर्जन (12) लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
इस घटना के बाद पूरी बस्ती में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग डर के मारे अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गए।
रास्ते से गुजरने वालों पर अचानक किया हमला
स्थानीय निवासियों के अनुसार, कुत्ता अचानक हिंसक हो गया और रास्ते से गुजर रहे जो भी व्यक्ति उसे दिखा, उस पर झपट पड़ा। इस हमले में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी नहीं बच पाए।
कुत्ते ने चिंटू नामक युवक के हाथ में काट लिया, वहीं भूपेंद्र को दौड़ाकर जमीन पर गिरा दिया और घायल कर दिया। इसके अलावा नूतन जेठवा और जोगिंदर सिंह समेत कई अन्य लोग भी इस हमले का शिकार हुए।
JNAC की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा
बस्ती में मचे शोर-शराबे और दहशत के बीच लोगों ने लाठी-डंडों के सहारे खुद को बचाने का प्रयास किया। घटना की सूचना तुरंत जमशेदपुर अक्षेस (JNAC) को दी गई।
सूचना मिलते ही जेएनएसी की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को काबू में किया। बाद में जुस्को (JUSCO) की सहायता से कुत्ते को वाहन में डालकर वहां से ले जाया गया, जिसके बाद बस्ती के लोगों ने राहत की सांस ली।
अस्पताल में भी हमला, लोगों ने की नियंत्रण की मांग
कुत्ते के आतंक का असर केवल बस्ती तक सीमित नहीं रहा। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल परिसर में भी एक कर्मचारी को कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया।
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार और एंटीरेबीज इंजेक्शन के लिए अस्पताल भेजा गया है। स्थानीय निवासियों ने नगर निकाय प्रशासन से मांग की है कि शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए जल्द से जल्द कोई स्थायी और ठोस व्यवस्था की जाए।