JFC विवाद पर बोले रघुवर दास- टाटा स्टील प्रबंधन से करूंगा बात, उपचुनाव नतीजों पर भाजपा करेगी आत्ममंथन
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के संचालन पर टाटा स्टील प्रबंधन से बातचीत की बात कही है, ताकि शहर की खेल विरासत बनी रहे। ...और पढ़ें

जमशेदपुर में अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (जेएफसी) के संचालन को लेकर उठे सवालों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में समाचार माध्यमों से जानकारी प्राप्त हुई है। वह जल्द ही टाटा स्टील प्रबंधन से बातचीत कर उन परिस्थितियों को जानने का प्रयास करेंगे, जिनके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।
रघुवर दास ने उम्मीद जताई कि जमशेदपुर की खेल विरासत और फुटबॉल की समृद्ध परंपरा को बनाए रखने के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की पहचान केवल एक औद्योगिक नगरी के रूप में ही नहीं, बल्कि एक प्रमुख खेल नगरी के रूप में भी रही है। इसलिए यहां की खेल गतिविधियों को हर हाल में संरक्षण और प्रोत्साहन मिलना चाहिए।
उपचुनाव स्थानीय मुद्दों पर आधारित, भाजपा करेगी आत्ममंथन
बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात के हालिया उपचुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उपचुनाव मुख्य रूप से स्थानीय मुद्दों पर लड़े जाते हैं।
यही कारण है कि इन नतीजों का न तो राष्ट्रीय राजनीति पर कोई विशेष प्रभाव पड़ता है और न ही राज्य की राजनीति पर।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मध्य प्रदेश के दतिया और बिहार के बांकीपुर जैसे क्षेत्रों में, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी है, वहां पार्टी संगठन परिणामों की गहन समीक्षा करेगा।
संगठन अपनी कमियों पर आत्ममंथन कर भविष्य की रणनीति तय करेगा। रघुवर दास ने विश्वास जताया कि भाजपा इन नतीजों से सीख लेकर जनता के बीच अपनी पकड़ और अधिक मजबूत करेगी।