Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    प. मेदिनीपुर में TMC दफ्तर से मिले भारी मात्रा में वोटर और जॉब कार्ड, कई राज खुलने की उम्मीद

    Updated: Sun, 17 May 2026 07:47 PM (IST)

    पश्चिम मेदिनीपुर जिले के गड़बेत्ता में तृणमूल कांग्रेस कार्यालय से बड़ी संख्या में जॉब कार्ड और वोटर कार्ड मिले हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायत पर प ...और पढ़ें

    पश्चिम मेदिनीपुर जिला में घटना के बाद टीएमसी कार्यालय के बाहर खड़े लोग।

    पश्चिम मेदिनीपुर जिला में घटना के बाद टीएमसी कार्यालय के बाहर खड़े लोग।

    HighLights

    1. भाजपा कार्यकर्ताओं ने संदिग्ध गतिविधि देख पुलिस को सूचना दी।

    2. पुलिस ने दस्तावेज जब्त कर मामले की जांच शुरू की।

    संसू, जागरण, खड़गपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के गड़बेत्ता तीन नंबर प्रखंड अंतर्गत करसा नंबर दो इलाके के छोटातारा मध्य बूथ में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यालय से बड़ी मात्रा में जॉब कार्ड और वोटर कार्ड मिले हैं। इस घटना के बाद स्थानीय राजनीति गरमा गई है और कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
     

    संदेह होने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने खोला मोर्चा 

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कुछ स्थानीय भाजपा (BJP) कार्यकर्ताओं ने टीएमसी का बंद पार्टी ऑफिस खुला हुआ देखा। बताया जा रहा है कि कार्यालय के ठीक सामने एक टोटो खड़ी थी और उसमें कुछ सामान लोड किया जा रहा था। 
     
    मामला संदिग्ध लगने पर भाजपा कार्यकर्ता तुरंत पार्टी ऑफिस के भीतर घुस गए। जब उन्होंने वहां रखी अलमारी को खोलकर देखा, तो उनके होश उड़ गए। 
     
    अलमारी के भीतर भारी मात्रा में सरकारी जॉब कार्ड बुक, वोटर कार्ड, जमीन के कागजात और कई अन्य जरूरी दस्तावेज छिपाकर रखे गए थे।
     

    इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात 

    टीएमसी कार्यालय से इतनी बड़ी संख्या में सरकारी और व्यक्तिगत दस्तावेज मिलने की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई। इससे मौके पर भारी तनाव पैदा हो गया। 
     
    सूचना मिलते ही गड़बेत्ता थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए बरामद किए गए सभी कागजातों को अपने कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
     

    अभी कई और राज खुलने बाकी 


    बताया जा रहा है कि पुलिस और स्थानीय लोगों की मौजूदगी के बावजूद अलमारी का एक हिस्सा अभी तक नहीं खुल पाया है। कुछ स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि यदि अलमारी का वह लॉकर खोला जाता है, तो कई और महत्वपूर्ण या गैर-कानूनी दस्तावेज सामने आ सकते हैं।

    अब इस बात को लेकर क्षेत्र में बड़ा राजनैतिक विवाद छिड़ गया है कि आखिर आम जनता के वोटर कार्ड और मनरेगा के जॉब कार्ड किसी राजनीतिक दल के दफ्तर में क्या कर रहे थे? गड़बेत्ता थाना पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले के हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।