Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    घाटशिला के बाद अब मनोहरपुर में मिला भारी विस्फोटक; ट्रैक्टर से जुताई के वक्त खेत से निकला सेना का पुराना मोर्टार शेल

    By Ramesh singhEdited By: Sanjeev Kumar
    Updated: Tue, 23 Jun 2026 08:39 PM (IST)

    झारखंड के मनोहरपुर में एक किसान को खेत की जुताई के दौरान एक पुराना बम मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को स ...और पढ़ें

    मनोहरपुर में खेत में हल चलाते समय एक किसान को मिला पुराना बम।

    मनोहरपुर में खेत में हल चलाते समय एक किसान को मिला पुराना बम।

    HighLights

    1. मनोहरपुर के खेत में किसान को मिला पुराना बम।

    2. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया, निष्क्रियकरण जारी।

    3. घाटशिला के बाद झारखंड में विस्फोटक मिलने की दूसरी घटना।

     
    संसू, मनोहरपुर। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिला अंतर्गत मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सोंपोखरी गांव स्थित मुंडा टोला में मंगलवार सुबह खेत की जुताई करने के दौरान भारी-भरकम पुराना विस्फोटक मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। 
     
    बरामद किया गया विस्फोटक कोई साधारण बम नहीं, बल्कि लगभग 2 फीट लंबा और करीब 30 किलोग्राम वजनी एक शक्तिशाली मोर्टार शेल (Mortar Shell) है। इस सैन्य ग्रेड के गोले के मिलने से स्थानीय ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है।
     

    ट्रैक्टर चालक ने अनजाने में उठाई बड़ी जोखिम 

    घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे शिवचरण महतो नामक एक ट्रैक्टर चालक गांव के ही विजय हैम्बरम के खेत में जुताई कर रहा था। 
     
    इसी दौरान हल की कल्टीवेटर से टकराकर मिट्टी में दबा हुआ एक भारी और संदिग्ध लोहा बाहर निकल आया। ट्रैक्टर चालक ने अज्ञानता और नासमझी के कारण उसे कोई सामान्य वस्तु समझ लिया। 
     
    उसने वहां मौजूद एक अन्य लड़के की मदद से उस भारी विस्फोटक गोले को उठाया और खेत के पास बने एक मकान के किनारे लाकर रख दिया।
     

    ग्रामीणों की सूझबूझ से पुलिस को दी गई सूचना  

    बाद में जब अन्य ग्रामीणों की नजर उस अजीबोगरीब वस्तु पर पड़ी, तो उन्होंने उसे पहचान लिया कि यह एक शक्तिशाली बम का गोला है। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना मनोहरपुर थाना पुलिस को दी। 
     
    सूचना मिलते ही पुलिस बल फौरन मौके पर पहुंचा और संभावित खतरे को देखते हुए पूरे प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित (Cordone Off) कर दिया। इसके साथ ही बम को निष्क्रिय करने के लिए बम निरोधक दस्ते (BDDS) को सूचित कर दिया गया है।
     

    सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, कुछ दिन पहले घाटशिला में भी मिले थे बम 

    गौरतलब है कि झारखंड के इस सीमावर्ती क्षेत्र में विस्फोटक मिलने का यह कोई पहला मामला नहीं है। कुछ ही दिन पूर्व पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला क्षेत्र में भी सुबर्णरेखा नदी के किनारे भारी मात्रा में ऐसे ही पुराने बम बरामद किए गए थे। 
     
    उस समय स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए भारतीय सेना के विशेष बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया था, जिसने सुरक्षित तरीके से उन सभी विस्फोटकों को डिफ्यूज किया था। 
     
    लगातार मिल रहे इन पुराने और जिंदा मोर्टार शेल ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं और खुफिया तंत्र इस बात की जांच में जुट गया है कि आखिर ये सैन्य विस्फोटक इन असैन्य इलाकों में कहां से आ रहे हैं।
     

    मनोहरपुर में खेत से बरामद विस्फोटक को सेना की टीम करेगी डिफ्यूज

    मनोहरपुर थाना क्षेत्र के एक खेत से विशालकाय संदिग्ध विस्फोटक मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। बम मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई।
     
    इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं।
    •     विस्फोटक का आकार और वजन: प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुमान के मुताबिक, बरामद किया गया संदिग्ध बम लगभग 2 फीट लंबा है और इसका वजन करीब 30 किलोग्राम के आसपास बताया जा रहा है।
    •     सुरक्षा घेरे में इलाका: सूचना मिलते ही मनोहरपुर डीएसपी डेविड ए डोडराय और एसआई मयंक यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ग्रामीणों को घटनास्थल से दूर कर दिया है।
    •     तालाब के पास सुरक्षित शिफ्टिंग: मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआरपीएफ (CRPF) 134 बटालियन के बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद विस्फोटक को खेत से करीब 200 मीटर दूर एक तालाब के पास ले जाकर, गड्ढा खोदकर सुरक्षित रखवा दिया है।
    •     सेना करेगी नष्ट: उच्च अधिकारियों के अनुसार, इस क्षमता के विस्फोटक को नष्ट करने की विशेषज्ञता भारतीय सेना के पास है। इसलिए सेना की एक विशेष टीम को बुलाया गया है, जो जल्द ही इसे सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज करेगी।

    यह भी पढ़ें- 'NCTE की मंजूरी के बिना कॉलेजों का निरीक्षण नहीं कर सकती सरकार', पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट की अहम टिप्पणी