मुसाबनी: Bike Stunt रोकने पर ग्राम प्रधान के घर पेट्रोल बम से हमला; धोबनी गांव में दहशत का माहौल
झारखंड के मुसाबनी स्थित धोबनी गांव में बाइक स्टंट रोकने पर ग्राम प्रधान के घर पेट्रोल बम फेंका गया। ग्रामीणों ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
धोबनी गांव में पेट्रोल बम फेंका, दहशत फैली।
ग्रामीणों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, कार्रवाई की मांग।
जागरण संसू, मुसाबनी । झारखंड में मुसाबनी थाना क्षेत्र के धोबनी गांव में गुरुवार की देर शाम बाइक सवार युवकों ने ग्राम प्रधान के घर पर पेट्रोल बम फेंककर दहशत मचा दी। बताया जा रहा है कि गांव की सड़कों पर जानलेवा बाइक स्टंट करने से रोकने पर नाराज युवकों ने इस हिंसक घटना को अंजाम दिया।
विरोध करने पर दी चुनौती
ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6 बजे तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवक धोबनी गांव की सड़क पर खतरनाक स्टंट कर रहे थे। ग्राम प्रधान लखन मार्डी और अन्य ग्रामीणों ने दुर्घटना की आशंका को देखते हुए उन्हें टोका और चेतावनी दी।
इस मामूली विरोध से नाराज होकर रात लगभग 7 से 8 बजे के बीच बाइक सवार दो युवक वापस लौटे और ग्राम प्रधान के घर पर पेट्रोल बम फेंक दिया। धमाके की आवाज से टोले में दहशत फैल गई।
शुक्रवार को धोबनी पंचायत के मुखिया रामचंद्र मुर्मू और ग्राम प्रधान के नेतृत्व में लगभग 50 ग्रामीण मुसाबनी थाना पहुंचे। ग्रामीणों ने बम फेंकने वाले दो युवकों की पहचान देवाशीष महाली और कृष्णा मार्डी (निवासी बी-टाइप व महाली पाड़ा, मुसाबनी टाउनशिप) के रूप में की है।
नहीं रुकी गुंडागर्दी तो खुद उठाएंगे कदम
थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह ने लिखित शिकायत दर्ज कर ग्रामीणों को त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। धोबनी के ग्रामीणों ने पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे कड़े कदम उठाने को विवश होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी और सुनसान क्षेत्र होने के कारण बाहरी युवक यहां आकर शराब पीते हैं और उत्पात मचाते हैं। अब ग्रामीणों ने एकजुट होकर ऐसे शरारती तत्वों पर खुद नजर रखने का निर्णय लिया है।
