विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुसाबनी में जगह-जगह कचरे का अंबार, बरसात के बाद दुर्गंध और बीमारियों के खतरे से परेशान ग्रामीण

Published: Fri, 04 Sep 2026 07:25 PM (IST)

मुसाबनी में जगह-जगह कचरे के ढेर से लोग परेशान हैं, जिससे बरसात के बाद दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

मुसाबनी में जगह-जगह कचरे का अंबार

मुसाबनी में जगह-जगह कचरे का अंबार

HighLights

  1. मुसाबनी में जगह-जगह कचरे के ढेर से परेशानी।

  2. बरसात के बाद दुर्गंध और बीमारियों का खतरा बढ़ा।

  3. नियमित सफाई और जन जागरूकता की मांग की गई।

संवाद सूत्र, मुसाबनी। कभी अपनी हरियाली और साफ-सफाई के लिए पहचान रखने वाली ताम्र नगरी मुसाबनी इन दिनों जगह-जगह पसरे कचरे से परेशान है। मुसाबनी टाउनशिप से लेकर बाजार और बस स्टैंड तक कई स्थानों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। 

बरसात के बाद कचरे से निकल रही दुर्गंध और सड़ांध ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका से स्थानीय लोग चिंतित हैं।

कूड़ा फेंकने के लिए पंचायत की ओर से कई जगह डस्टबिन की व्यवस्था की गई है, लेकिन जागरूकता के अभाव में लोग उसका समुचित उपयोग नहीं कर रहे हैं। घरों और दुकानों से निकलने वाला कचरा लोग पॉलीथिन में भरकर मौका मिलते ही सड़क किनारे या खाली जगहों पर फेंक देते हैं। नियमित सफाई और कचरे के उठाव में कमी के कारण डस्टबिन के आसपास भी कचरे का अंबार लग गया है।

बाजार में गंदगी से बढ़ी परेशानी

मुसाबनी बाजार में दुकानों के पीछे और सड़क किनारे जमा कचरे से दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी हो रही है। दुकानदारों का कहना है कि नियमित सफाई नहीं होने तथा आसपास के लोग बाजार और घरों का कचरा यहां डाल देते हैं। इससे दुर्गंध के बीच दुकानदारी करना मुश्किल हो रहा है।

पंचायत के लैम्पस कार्यालय के आसपास भी कचरा बिखरा पड़ा है। लोगों द्वारा यहां कचरा फेंके जाने से कार्यालय परिसर की खूबसूरती प्रभावित हो रही है। वहीं, मुसाबनी बस स्टैंड के समीप यत्र-तत्र पड़े कचरे के ढेर से भी लोगों की परेशानी बढ़ गई है। यहां आने-जाने वाले यात्रियों और आसपास के लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है।

धार्मिक स्थलों व स्कूल के पास भी कचरा

सबसे चिंताजनक स्थिति उन स्थानों की है, जहां कचरे के ढेर के आसपास मस्जिद, गुरुद्वारा, मंदिर और स्कूल स्थित हैं। इन जगहों पर जमा गंदगी और उससे उठने वाली दुर्गंध लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। विशेषकर स्कूल के आसपास गंदगी रहने से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी रहती है।

जागरूकता के साथ नियमित उठाव जरूरी

स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल डस्टबिन लगाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। लोगों को भी कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के प्रति जागरूक होना होगा। इसके साथ ही पंचायत को नियमित रूप से कचरे का उठाव और सफाई सुनिश्चित करनी होगी। समय पर कचरा नहीं उठने से डस्टबिन के बाहर कचरा फैल जाता है और बारिश के बाद स्थिति और बदतर हो जाती है।

स्थानीय लोगों ने प्रखंड प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों से मुसाबनी में नियमित सफाई, कचरा उठाव की ठोस व्यवस्था और लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने की मांग की है, ताकि ताम्र नगरी मुसाबनी की स्वच्छता और पुरानी खूबसूरती वापस लौट सके।