यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Maiya Samman Yojana: मंईयां सम्मान को लेकर क्यों सड़क पर उतरी महिलाएं? हेमंत सरकार की बढ़ी मुश्किल
सीएम हेमंत सोरेन ने 6 जनवरी को मंईयां सम्मान योजना की लाभार्थी महिलाओं के खाते में राशि जारी की लेकिन अब तक कई महिलाओं के खाते में पैसे नहीं आए हैं। य ...और पढ़ें

HighLights
- राशि नहीं मिलने पर उपायुक्त कार्यालय के बाहर महिलाओं का प्रदर्शन
- वेबसाइट ठप, आवेदन और शिकायत दर्ज कराने में भी दिक्कत
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। Maiya Samman Yojana: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी 'मंईयां सम्मान योजना' के तहत वित्तीय सहायता का भुगतान न होने से लाभार्थी महिलाओं में व्याप्त आक्रोश गुरुवार को फूट पड़ा। जमशेदपुर स्थित उपायुक्त कार्यालय और करनडीह प्रखंड कार्यालय के समक्ष सैकड़ों महिलाओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की।
तुरंत राशि जारी करने की मांग
मंईयां सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने की वजह से प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने निर्धारित राशि के तत्काल भुगतान की मांग की। मंईयां सम्मान योजना के तहत हजारों महिलाओं के खातों में 6 जनवरी को राशि जारी की गई थी, लेकिन कई महिलाओं के खातों में यह राशि नहीं पहुंची।
4 जनवरी से वेबसाइट ठप
योजना की वेबसाइट चार जनवरी से ठप होने के कारण आवेदन और शिकायत दर्ज कराने में भी समस्या आ रही है, जिससे लाभार्थी महिलाएं परेशान हैं। गुरुवार को मंईयांसम्मान योजना की लाभार्थी महिलाएं बड़ी संख्या में उपायुक्त कार्यालय पहुंचीं और जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रखंड के चक्कर काट रहीं महिलाएं
.jpg)
प्रखंड कार्यालय पहुंची महिला लाभार्थी
इसी प्रकार करनडीह प्रखंड कार्यालय पहुंची महिला लाभार्थी भी निराश दिखीं। महिलाओं का कहना था कि वे बार-बार प्रखंड कार्यालय के चक्कर काट रहीं हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। दर्जनों महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक मदद से जानबूझकर वंचित रखा जा रहा है।
खबरें और भी
महिलाओं का कहना है कि वे कई बार सरकारी अधिकारियों से मिलकर गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि छह जनवरी को लाखों महिलाओं के खातों में राशि जारी की गई थी, लेकिन उनके खातों में पैसा नहीं आया।
ऑनलाइन आवेदन में भी मुश्किल
जब वे इस बारे में संबंधित सरकारी कार्यालयों में जानकारी लेने गईं, तो उन्हें बताया गया कि चार जनवरी से ही मंईयां सम्मान योजना की वेबसाइट बंद पड़ी है। वेबसाइट बंद होने के कारण भुगतान प्रक्रिया बाधित हो रही है।
प्रेम नगर की रहने वाली अधिकांश प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि वे हफ्तों से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ऑनलाइन आवेदन करने की कोशिश भी नाकाम रही है, क्योंकि वेबसाइट काम नहीं कर रही है।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
कुछ महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक ही परिवार की दो-तीन महिलाओं को पैसे मिले हैं, जबकि कई महिलाओं को अब तक एक भी रुपया नहीं मिला है। ऐसा लगता है कि जानबूझकर कुछ महिलाओं को योजना के लाभ से वंचित रखा जा रहा है।