Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कोल्हान में माओवाद को बड़ा झटका: पुलिस के बिछाए जाल में फंसे टॉप कमांडर, एके-47 के साथ धरे गए 22 लाख के इनामी

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 04:12 PM (IST)

    कोल्हान में झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान में तीन हार्डकोर माओवादियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 15 लाख का इनामी मदन महतो भी शामिल है। ...और पढ़ें

    मीना पहाड़िया, सागर सिंह और मदन महतो।

    मीना पहाड़िया, सागर सिंह और मदन महतो।

    HighLights

    1. कोल्हान में तीन हार्डकोर माओवादी गिरफ्तार, 15 लाख का इनामी शामिल।

    2. झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ का संयुक्त अभियान सफल रहा।

    3. एके-47 राइफल समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए।

    जागरण टीम, जमशेदपुर/चांडिल। कोल्हान में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ को बुधवार को बड़ी सफलता मिली। सरायकेला-खरसावां जिले में गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए संयुक्त अभियान में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के तीन हार्डकोर सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।

    गिरफ्तार माओवादियों में 15 लाख रुपये का इनामी क्षेत्रीय कमेटी सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर उर्फ चारण, पांच लाख रुपये का इनामी सागर सिंह उर्फ रवि सरदार उर्फ बीरेन तथा उसकी पत्नी दो लाख की इनामी मीना पहाड़िया उर्फ मीना शामिल हैं।

    कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने एक एके 47 राइफल, एक 9 एमएम पिस्टल, बड़ी संख्या में कारतूस और वॉकी-टॉकी समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को कोल्हान में माओवादी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

    सूत्रों के अनुसार, पश्चिम सिंहभूम के सारंडा क्षेत्र में सुरक्षा बलों की लगातार कार्रवाई के बाद माओवादी दस्ते के कुछ सदस्य दलमा क्षेत्र की ओर आए थे। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां इनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।

    खबरें और भी

    कांड्रा क्षेत्र से शुरू हुई कार्रवाई

    जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावा जिला पुलिस को सूचना मिली थी कि माओवादी संगठन के कुछ सक्रिय सदस्य सरायकेला-खरसावां जिले में ठिकाना बनाकर रह रहे हैं। सूचना के आधार पर जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार स्वर्गियारी के नेतृत्व में पुलिस ने सीआरपीएफ के साथ कांड्रा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर अभियान शुरू किया।

    तलाशी के दौरान सागर सिंह को एक ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से हथियार बरामद होने की बात सामने आई है। सागर सिंह से पूछताछ के बाद सुरक्षा बलों को मदन महतो और मीना पहाड़िया के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद दूसरी टीम ने चांडिल क्षेत्र के कांदरबेड़ा इलाके में कार्रवाई कर दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।

    15 लाख का इनामी मदन महतो

    पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिले के सालबनी थाना क्षेत्र के कर्मासोल गांव निवासी मदन महतो उर्फ शंकर उर्फ चारण माओवादी संगठन का सक्रिय और प्रभावशाली सदस्य बताया जाता है। झारखंड पुलिस ने उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

    मदन महतो पर संगठन के हथियारबंद दस्तों को संचालित करने, नए कैडरों की भर्ती, सुरक्षा बलों के खिलाफ हमलों की योजना और माओवादी नेटवर्क को मजबूत करने में भूमिका निभाने का आरोप है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, उसका संबंध शीर्ष माओवादी नेता असीम मंडल उर्फ आकाश के प्रभाव वाले नेटवर्क से रहा है।

    वहीं, सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के बेनाडीह टोला का रहने वाला सागर सिंह उर्फ रवि सरदार दलमा और सारंडा के जंगलों के अलावा झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा क्षेत्र में संगठन के लिए काम करता रहा है। पुलिस ने उस पर पांच लाख रुपये का इनाम रखा था।

    इसके साथ ही मदन महतो के साथ गिरफ्तार मीना पहाड़िया उर्फ मीना सागर सिंह की पत्नी और माओवादी संगठन की सक्रिय सदस्य बताई जाती है।

    मीना पश्चिम बंगाल के बलरामपुर थाना क्षेत्र के घाटबेडा की रहने वाली है। वह झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे जंगल क्षेत्रों में संगठन के लिए काम करती रही है। उस पर भी दो लाख का इनाम घोषित था।

    पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज

    हाल के दिनों में शीर्ष माओवादी नेता मिसिर बेसरा की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा बलों ने कोल्हान और आसपास के जंगल क्षेत्रों में अभियान और तेज किया है। तीन हार्डकोर माओवादियों की गिरफ्तारी को उसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

    गिरफ्तार तीनों माओवादियों से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अज्ञात स्थान में रखकर पूछताछ कर रही हैं। उनसे संगठन के वर्तमान नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति, लेवी वसूली, सुरक्षित ठिकानों, सहयोगियों और दस्ते में शामिल अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

    उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ से कोल्हान और दलमा क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क की कई महत्वपूर्ण कड़ियां सामने आ सकती हैं। पुलिस का कहना है कि नक्सल विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

    यह भी पढ़ें- झारखंड में बड़ा नक्सल ऑपरेशन! 15 लाख के इनामी रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो सहित तीन इनामी माओवादी गिरफ्तार