Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमशेदपुर में लगातार बारिश से बढ़ा स्वर्णरेखा और खरकई का जलस्तर, निचले इलाकों में अलर्ट

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 06:30 AM (GMT+05:30)

    जमशेदपुर में लगातार बारिश से स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। ...और पढ़ें

    प्रशासन ने राहत एवं बचाव दल गठित कर संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

    प्रशासन ने राहत एवं बचाव दल गठित कर संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

    HighLights

    1. स्वर्णरेखा और खरकई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा।

    2. निचले इलाकों में जलजमाव और बाढ़ का गंभीर खतरा।

    3. प्रशासन ने राहत दल गठित कर निगरानी बढ़ाई, अलर्ट जारी।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बीते दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जमशेदपुर में स्वर्णरेखा और खरकई नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। 
     
    यदि बारिश का यह सिलसिला इसी तरह जारी रहता है, तो नदी व नालों के किनारे बसे निचले इलाकों में जलजमाव और बाढ़ की गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। 
     
    हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि पहाड़ी नदियाँ होने के कारण बारिश थमते ही पानी तेजी से नीचे भी उतर जाता है। फिलहाल जिला व स्थानीय प्रशासन दोनों नदियों के जलस्तर और संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर चौबीसों घंटे निगरानी बनाए हुए है।
     

    राहत एवं बचाव दल अलर्ट मोड़ पर 

    मानसून के दौरान संभावित बाढ़ और जलजमाव से निपटने के लिए मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने विशेष राहत एवं बचाव टीमों का गठन किया है। 
     
    इन टीमों को नदी-तटीय क्षेत्रों की निरंतर निगरानी, राहत शिविरों को तैयार रखने और किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम सौंपा गया है।
     

    ये इलाके हैं अत्यधिक संवेदनशील 

    शहर के कई निचले और तटीय इलाकों में बाढ़ आने की आशंका सबसे अधिक बनी हुई है, जिनमें शामिल हैं:

    •     बागबेड़ा क्षेत्र: नया बस्ती, कुसुम नगर, शिवनगर
    •     जुगसलाई व भुइयांडीह: गरीब नवाज कॉलोनी, कल्याणनगर, बाबूडीह, लाल भट्ठा
    •     बारीडीह व मानगो: भोजपुर बस्ती, बागुननगर, तिलक नगर, नामता बस्ती, कुंवर बस्ती, हाड़ गोदाम, शंकोसाई (रोड नंबर 1 व 5), आज़ाद नगर, जवाहर नगर
    •     अन्य इलाके: कदमा शास्त्रीनगर (ब्लॉक 1 से 4), निर्मल बस्ती, रामनगर, श्यामनगर, लक्ष्मण नगर और गौड़ बस्ती।

     

    लाउडस्पीकर से चेतावनी और एंटी-लार्वल स्प्रे के निर्देश 

    जमशेदपुर अक्षेस के नगर आयुक्त योगेंद्र प्रसाद तथा मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार यादव ने अधिकारियों को नालों की नियमित सफाई करने और गाद (सिल्ट) हटाने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

    जलजमाव वाले क्षेत्रों में लाउडस्पीकर (माइक) के माध्यम से लोगों को पहले से सतर्क करने और आवश्यक सूचनाएं प्रसारित करने की व्यवस्था की जा रही है। 
     
    इसके साथ ही, जलजमाव के कारण वेक्टर जनित बीमारियों (डेंगू, मलेरिया आदि) के बढ़ते खतरे को देखते हुए एंटी लार्वल स्प्रे और फोगिंग अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। 

    खबरें और भी