रेड माइनर और JFC फैंस क्लब का प्रदर्शन: क्लब बंद हुआ तो खत्म हो जाएगा युवाओं का सपना
टाटा स्टील द्वारा जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (JFC) बंद करने के निर्णय के विरोध में शहर में रेड माइनर और JFC फैंस क्लब ने विशाल प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

रेड माइनर और जेएफसी फैंस क्लब के संयुक्त बैनर तले प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
HighLights
JFC बंद करने के टाटा स्टील के फैसले का विरोध।
रेड माइनर और JFC फैंस क्लब ने किया प्रदर्शन।
JFC युवाओं के सपनों और शहर की पहचान का आधार।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील द्वारा जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (JFC) को बंद करने के निर्णय के विरोध में सोमवार को शहर के खिलाड़ियों, फुटबॉल प्रेमियों और युवाओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा।
रेड माइनर और जेएफसी फैंस क्लब के संयुक्त बैनर तले आयोजित इस विशाल प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और जेएफसी को दोबारा संचालित करने की मांग बुलंद की।
शहर की पहचान और युवाओं के सपनों से जुड़ा है जेएफसी
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जेएफसी ने सालों से जमशेदपुर को राष्ट्रीय फुटबॉल के मानचित्र पर एक खास पहचान दिलाई है।
यह महज एक स्पोर्ट्स क्लब नहीं, बल्कि कोल्हान सहित पूरे क्षेत्र के हजारों उभरते युवाओं के सपनों और उनके भविष्य का आधार रहा है।
वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि जेएफसी के जरिए ही स्थानीय और सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने और पेशेवर फुटबॉल में करियर बनाने का मौका मिला।
प्रतिभाओं का रास्ता बंद होने का खतरा
खिलाड़ियों ने चिंता जताई कि क्लब बंद होने से सबसे बड़ा झटका उन युवा खिलाड़ियों को लगेगा, जो विश्वस्तरीय ट्रेनिंग और अवसरों के लिए जेएफसी पर निर्भर थे।
इससे जमशेदपुर की समृद्ध फुटबॉल संस्कृति को गहरा नुकसान पहुंचेगा और नई प्रतिभाओं का आगे बढ़ना बेहद कठिन हो जाएगा।
टाटा स्टील प्रबंधन से पुनर्विचार की अपील, चेतावनी दी
प्रदर्शन के दौरान टाटा स्टील प्रबंधन से इस फैसले पर तुरंत पुनर्विचार करने का आग्रह किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि प्रबंधन ने सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो इस आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।