गुड़ाबांदा में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई: जंगल के रास्ते ले जाए जा रहे 11 गोवंश मुक्त, 1 तस्कर फरार
पूर्वी सिंहभूम के गुड़ाबांदा में पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर अवैध रूप से ले जाए जा रहे 11 गोवंश को बरामद किया। इस कार्रवाई में दो तस्कर गिरफ्तार हु ...और पढ़ें

HighLights
ग्रामीणों की सटीक सूचना पर हुई यह कार्रवाई।
दो तस्कर गिरफ्तार, एक साथी फरार होने में सफल।
जासं, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंहपुरा स्थित नामोशोल जंगल के रास्ते अवैध रूप से ले जाए जा रहे 11 गोवंश को पुलिस ने बरामद किया है।
ग्रामीणों की सटीक सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से दो तस्करों मस्तफा अली और जाकिर अली को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक अन्य साथी मोहम्मद सद्दाम घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे थे पशु
घटना आठ अगस्त की है। गुड़ाबांदा थाना प्रभारी सुमित यादव को ग्रामीणों से गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग पशुओं को बेहद क्रूरता से रस्सियों से बांधकर नामोशोल जंगल के रास्ते ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और 11 गोवंश को सुरक्षित कब्जे में लेते हुए दोनों आरोपितों को धर दबोचा।
हत्या और अवैध खरीद-बिक्री की प्राथमिकी दर्ज
मामले में थाना प्रभारी सुमित यादव की शिकायत पर गिरफ्तार दोनों आरोपितों और फरार मोहम्मद सद्दाम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आरोपितों पर अवैध रूप से गोवंशीय पशुओं का क्रय-विक्रय करने, पशुओं के साथ क्रूरता करने तथा उनकी हत्या कर मांस बेचने के उद्देश्य से ले जाने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस फरार आरोपित मोहम्मद सद्दाम की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि इन गोवंश को कहां ले जाया जा रहा था और इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन से मुख्य सरगना शामिल हैं।