विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 27, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Jamshedpur News: पुलिस सुस्त, चोर मस्त...; दयाल सिटी में चार घरों से उड़ाए 25 लाख

Updated: Mon, 27 Jan 2025 02:56 PM (IST)

जमशेदपुर के दयाल सिटी में इन दिनों चोरों ने जमकर आतंक मचाया है। चोरों को अब पुलिस का भी खौफ नहीं है। दयाल सिटी में चोरों ने एक ही रात में चार घरों को ...और पढ़ें

चोरों ने चार घरों में की चोरी। (फोटो जागरण)
चोरों ने चार घरों में की चोरी। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. कुछ दिन पहले हुई थी 22 लाख की चोरी
  2. लगातार हो रही चोरी से दहशत में लोग

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। छोटा गोविंदपुर स्थित दयाल सिटी जो कभी कड़ी सुरक्षा और शांति का प्रतीक मानी जाती थी, आज अपराधियों के लिए खुला खेल का मैदान बन गई है।

बीती रात हरिकृष्ण अपार्टमेंट में हुई सनसनीखेज चोरी की घटना ने दयाल सिटी की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। एक ही रात में चोरों ने चार घरों को निशाना बनाकर 25 लाख से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।

हैरानी की बात यह है कि चोरों ने बेखौफ होकर महज एक घंटे के भीतर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की सुस्ती भी सवालों के घेरे में है, सूचना देने के बावजूद घंटों बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।

पांच नकाबपोश बदमाशों ने चोरी को दिया अंजाम

रात के सन्नाटे में लगभग 2 से 3 बजे के बीच पांच नकाबपोश अपराधियों ने दयाल सिटी के हरिकृष्ण अपार्टमेंट में धावा बोल दिया। चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

चोरों ने जिन घरों को निशाना बनाया, उनके मालिक शहर से बाहर थे और घरों में ताला लगा हुआ था। चोरों ने पहले पड़ोसियों के घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए ताकि कोई बीच में दखल न दे सके। एक तल्ले पर एक, तीन तल्ले पर दो और चार तल्ले पर एक घर को निशाना बनाया गया।

चोरी के बाद बिखरा सामान।

टाटा मोटर्स में कार्यरत जीतन सिंह, जिनका घर हरिकृष्ण अपार्टमेंट के चतुर्थ तल पर स्थित है उनके घर से लगभग 4 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी हुए।

उनकी पत्नी प्रणिता देवी ने बताया कि हार, चूड़ी, कानवाली, झुमका, झाला समेत 20 हजार रुपये नकद भी चोर ले उड़े।

बगल में रहने वाले सुरेश कुमार दत्ता के घर का दरवाजा भी बाहर से बंद पाया गया। इसी प्रकार पंकज तिवारी, विमल कुमार और अभिजीत डे के घरों को भी चोरों ने नहीं बख्शा।

कुछ दिन पहले ही हुई थी 22 लाख की चोरी

यह घटना और भी चौंकाने वाली इसलिए हो जाती है क्योंकि कुछ दिन पहले ही जीतन सिंह के भाई सिपिन सिंह के घर से भी 22 लाख की चोरी हुई थी। सिपिन सिंह भी दयाल सिटी में ही रहते हैं।

चोरों ने पूरे कमरे को खंगाला

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने दयाल सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगा दिए हैं। लोगों का कहना है कि क्या सुरक्षा गार्ड सिर्फ दिखावे के लिए हैं?

देरी से पहुंची पुलिस

स्थानीय निवासियों ने बताया कि सुबह 6 बजे पुलिस को सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस दोपहर 2 बजे तक घटनास्थल पर नहीं पहुंची। पुलिस की इसी ढिलाई का फायदा उठाकर अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

सोने-चांदी के जेवरों पर किया हाथ साफ

कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर कैद तो हुए हैं, लेकिन पुलिस अभी तक उनकी पहचान करने में नाकाम रही है। पूर्व नियोजित तरीके से की गई इस चोरी से साफ है कि चोरों ने पहले रेकी की होगी।

दयाल सिटी के निवासी दहशत में हैं। लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए और अपराधियों को सलाखों के पीछे डाला जाए। कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को भी पुख्ता किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो।

यह भी पढ़ें-

Jharkhand News: AI में एक्सपर्ट, 11 करोड़ से ज्यादा की ठगी; अब चढ़े पुलिस के हत्थे

रांची में आदम सेना का खौफ! छेड़खानी करने से रोका तो युवक को बेदर्दी से पीटा, अब पुलिस ने घोषित किया 20 हजार का इनाम