शराब पिलाने के बहाने नदी किनारे ले जाकर कुल्हाड़ी से मार डाला, जमशेदपुर पुलिस ने सुलझाई मर्डर मिस्ट्री
जमशेदपुर के बिरसानगर में मजदूरी के बकाये पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक विशाल सांदिल की कुल्हाड़ी से ...और पढ़ें

साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को स्वर्णरेखा नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का उद्भेदन कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है
HighLights
मजदूरी के बकाये को लेकर विशाल सांदिल की हत्या।
शराब पिलाने के बहाने बुलाकर कुल्हाड़ी से हमला किया।
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, मुख्य आरोपी फरार।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में मजदूरी के बकाये पैसे को लेकर हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
हत्यारों ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को स्वर्णरेखा नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का उद्भेदन कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
दो आरोपी गिरफ्तार, बाइक बरामद
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गोविंदपुर थाना क्षेत्र के खेरबनी निवासी रवि कुंटिया (22) और सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु निवासी कार्तिक नामता (24) के रूप में हुई है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (JH 05 BC 1477) भी जब्त की है। कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
30 सितंबर को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को मृतक की पत्नी गीता नामता ने अपने पति विशाल सांदिल की हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर बिरसानगर थाने में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतशाम वकारिब के निर्देश पर नगर डीएसपी संजीव कुमार के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया था।
मजदूरी के पैसे को लेकर हुआ था विवाद
जांच में सामने आया कि विशाल सांदिल, कार्तिक नामता और रवि कुंटिया, मुख्य आरोपी चरन हांसदा के लिए मजदूरी का काम करते थे।
चरन अक्सर मजदूरों को पैसे देने के बजाय महुआ शराब पिला देता था। इसी बात को लेकर 25 सितंबर को चरन और विशाल के बीच हाथापाई भी हुई थी।
शराब पिलाने के बहाने ले जाकर की हत्या
इसी रंजिश में 27 सितंबर की शाम चरन हांसदा ने विशाल को शराब पिलाने के बहाने बुलाया। इसके बाद कार्तिक और रवि की मदद से उसे स्वर्णरेखा नदी के पानी टंकी के पास ले जाया गया।
वहां तीनों ने विशाल पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया और शव को नदी में बहा दिया।
पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी चरन हांसदा की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी हिरासत में ले लिया जाएगा।
