द फर्नेस में महामुकाबला: सुनील छेत्री की बेंगलुरु एफसी से भिड़ेगी 'मेन ऑफ स्टील', आज होगा फैसला
जमशेदपुर एफसी और बेंगलुरु एफसी के बीच जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक महत्वपूर्ण फुटबॉल मुकाबला होगा। यह 'स्टील डर्बी' दोनों टीमों के लिए लीग तालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए बेहद अहम है। Jharkhand Top News

जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में मैच से पूर्व अभ्यास करते ख्लिाड़ी।
HighLights
जमशेदपुर एफसी बनाम बेंगलुरु एफसी 'स्टील डर्बी'
जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा महामुकाबला
लीग तालिका में स्थिति सुधारने को दोनों टीमें बेताब
जासं, जमशेदपुर। लौहनगरी के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स यानी द फर्नेस में एक बार फिर फुटबाल का रोमांच अपने चरम पर होगा। लीग के बेहद नाजुक मोड़ पर जमशेदपुर एफसी (जेएफसी) और बेंगलुरु एफसी (बीएफसी) के बीच होने वाला यह महामुकाबला किसी जंग से कम नहीं होगा।
भारतीय फुटबाल की ''स्टील डर्बी'' कही जाने वाली इस प्रतिद्वंद्विता में शनिवार, 9 मई को शाम 7:30 बजे दोनों टीमें आमने-सामने होंगी।
तालिका की स्थिति इस मुकाबले को और भी रोमांचक बना रही है। जमशेदपुर एफसी वर्तमान में 21 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और शीर्ष पर काबिज ईस्ट बंगाल के साथ बराबरी पर चल रही है।
खिताब की रेस में खुद को सबसे आगे रखने के लिए मेन आफ स्टील को इस मैच में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। दूसरी ओर, बेंगलुरु एफसी 11 मैचों में 17 अंकों के साथ सातवें पायदान पर है और अपनी दावेदारी को मजबूती देने के लिए अंकों की तलाश में बेताब है।
इतिहास गवाह है कि जमशेदपुर और बेंगलुरु के बीच मुकाबले हमेशा हाई-वोल्टेज रहे हैं। द फर्नेस में मेजबान जमशेदपुर का पलड़ा भारी रहा है, जहां उन्होंने बेंगलुरु के खिलाफ तीन मैच जीते हैं, जबकि दो में उन्हें हार मिली और तीन मुकाबले ड्रॉ रहे।
पिछली बार जब बेंगलुरु की टीम यहां आई थी, तब मोहम्मद उवैस और जार्डन मरे के गोलों की मदद से जमशेदपुर ने 2-1 से शानदार जीत हासिल की थी।
इस हाई-प्रोफाइल मैच में फुटबाल के बड़े नाम अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। बेंगलुरु की ओर से सुनील छेत्री, रयान विलियम्स और दीवार बनकर खड़े रहने वाले गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू पर सबकी निगाहें होंगी।
प्रशंसकों से खचाखच भरे स्टेडियम में मेजबान टीम अपने समर्थकों के जोश के बीच जीत के इरादे से उतरेगी। लीग में अब केवल दो-दो मैच शेष हैं, ऐसे में मैदान पर जबरदस्त आक्रामक फुटबॉल की उम्मीद है।

