विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिनदहाड़े केनरा बैंक में डकैती, गन प्वाइंट पर चेस्ट खुलवा 42 लाख की लूट; 7 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ, जमशेदपुर में हाई अलर्ट

By Anwesh AmbasthEdited By: Chandan Sharma
Published: Thu, 24 Sep 2026 01:10 PM (IST)Updated: Thu, 24 Sep 2026 05:25 PM (IST)

जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने 42 लाख रुपये लूटे। उन्होंने बैंककर्मियों को बंधक बनाकर ...और पढ़ें

गन प्वाइंट पर मैनेजर से खुलवाया चेस्ट, नकदी समेटकर फरार हुए अपराधी।

गन प्वाइंट पर मैनेजर से खुलवाया चेस्ट, नकदी समेटकर फरार हुए अपराधी।

HighLights

  1. गोलमुरी के केनरा बैंक में दिनदहाड़े 42 लाख की लूट।

  2. हथियारबंद अपराधियों ने बैंककर्मियों को बंधक बनाकर वारदात को अंजाम दिया।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान में जुटी।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने केनरा बैंक की शाखा में धावा बोलकर करीब 42 लाख रुपये लूट लिये। अपराधियों ने बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया।

इसके बाद मैनेजर को गन प्वाइंट पर लेकर चेस्ट खुलवाया और उसमें रखी नकदी समेटकर फरार हो गये। वारदात बैंक खुलने के साथ ही सुबह 10 बजे के करीब हुई। शाम तक पुलिस को कुछ ठोस नहीं मिल सका है। नाकेबंदी जारी है।

वारदात के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गयी। दिनदहाड़े बैंक डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हथियारबंद अपराधी बैंक में पहुंचे और कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया। हथियार दिखाकर सभी को शांत रहने की धमकी दी गयी। इसके बाद अपराधियों ने बैंक मैनेजर को चेस्ट के पास ले जाकर उसे खोलने के लिए मजबूर किया।

चेस्ट खुलते ही अपराधियों ने उसमें रखी नकदी अपने कब्जे में ले ली। रकम समेटने के बाद सभी अपराधी बैंक से बाहर निकले और फरार हो गये। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी पुलिस की टीम बैंक पहुंची। वरीय पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर बैंककर्मियों से पूछताछ की।

पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के साथ बैंक के अंदर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिये हैं। अपराधियों के बैंक में प्रवेश करने से लेकर वारदात के बाद निकलने तक की गतिविधियों को फुटेज के जरिये जोड़ा जा रहा है।

Kenra bank loot

नकदी की जानकारी किसने दी, जांच का अहम बिंदु

पुलिस के सामने सबसे अहम सवाल यह है कि अपराधियों को बैंक में बड़ी रकम रखे होने की जानकारी कैसे मिली। वारदात में कितने अपराधी शामिल थे, उनके पास किस तरह के हथियार थे और वे किस वाहन से पहुंचे थे, इसकी भी जांच की जा रही है। बैंककर्मियों से अपराधियों के हुलिये और बातचीत से जुड़ी जानकारी ली गयी है।

पुलिस की अलग-अलग टीमें अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। तकनीकी जांच के साथ आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों के भागने की दिशा का सुराग मिल सके। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।

कैनरा बैंक डकैती के बाद शहर में चौकसी बढ़ी

डकैती की घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया गया। प्रमुख मार्गों के साथ टोल प्लाजा और बैंकों के आसपास भी पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई। गुरुवार सुबह हुई घटना के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन ने शहर के विभिन्न बैंकों के पास पुलिस वाहन तैनात कर दिए।

बैंकों के बाहर पुलिस वाहन देखकर स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। लोगों का कहना था कि बैंक के सामने इस तरह पुलिस वाहन की तैनाती उन्होंने पहली बार देखी है। पुलिस की मौजूदगी से बैंक आने-जाने वाले लोगों के साथ बैंककर्मियों में भी सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।

पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की भी जांच की जा रही है। बैंक डकैती के बाद पुलिस अपराधियों की तलाश के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए भी सतर्कता बढ़ा रही है।