जादूगोड़ा में राशन घोटाला? अंगूठा लगवाया पर 3 महीने से नहीं दिया अनाज, ग्रामीणों ने घेरी दुकान
जादूगोड़ा के ग्वालकाटा पंचायत में राशन डीलर मिकी हांसदा पर तीन महीने का राशन गबन करने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि अंगूठा लगाने के बावजूद उन्हे ...और पढ़ें

सरकारी राशन के लिए विरोध प्रदर्शन करते लाभुक।
HighLights
राशन डीलर पर तीन महीने का अनाज गबन का आरोप।
अंगूठा लगाने के बावजूद ग्रामीणों को नहीं मिला राशन।
झामुमो ने शिकायत कर आंदोलन की चेतावनी दी।
जागरण संसू, जादूगोड़ा । झारखंड के पोटका प्रखंड अंतर्गत ग्वालकाटा पंचायत में जन वितरण प्रणाली (PDS) वितरण में गड़बड़ी हो रही है। राशन दुकानदार मिकी हांसदा पर पिछले तीन महीनों (नवंबर, दिसंबर और जनवरी) का राशन गबन करने का आरोप लगा है।
ग्रामीणों का दावा है कि डीलर ने ई-पॉश मशीन में उनके फिंगरप्रिंट (अंगूठे का निशान) तो लगवा लिए, लेकिन हफ्तों बीत जाने के बाद भी खाद्यान्न का वितरण नहीं किया।
तय तिथि पर दुकान बंद, फोन भी नहीं उठाया
बुधवार को जब राशन वितरण की निर्धारित तिथि पर फुटकोचा और मोहनाडीह सहित कई गांवों के लाभुक दुकान पहुंचे, तो वहां ताला लटका मिला। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दुकानदार ने कई बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं दिया। राशन न मिलने से इन सुदूर पहाड़ी गांवों के गरीब परिवारों के सामने खाद्यान्न संकट खड़ा हो गया है।
इन गांवों के लाभुक सबसे अधिक प्रभावित
यह राशन केंद्र ग्वालकाटा पंचायत के दुर्गम इलाकों के लिए जीवनरेखा है। अनाज नहीं मिलने से फुटकोचा, मोहनाडीह, तिरिलघुटु, साशोनघुटू, पांडूवाकोचा, धातडीगोड़ा, साहरघुटु, गोड़ग्राम और बलीयागोड़ा के लाभुक प्रभावित हो रहे हैं।
झामुमो ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीण राम सोरेन, मिर्जा मारडी और सुलोचना पात्रो ने बताया कि डीलर की लापरवाही के कारण सैकड़ों परिवारों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा के पोटका प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन और सचिव भुवनेश्वर सरदार ने मोर्चा संभाल लिया है।
उन्होंने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और कार्यालय के डीलिंग क्लर्क राधे मंडल से फोन पर तीखी शिकायत दर्ज कराई है। नेताओं का कहना है कि ऐसी अनियमितताओं से राज्य सरकार और स्थानीय विधायक की छवि खराब हो रही है।