धालभूमगढ़ एयरपोर्ट प्रोजेक्ट : स्टेज-1 फॉरेस्ट क्लियरेंस मिलते ही पर्यावरण स्वीकृति का रास्ता साफ, AAI तैयार
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को स्टेज-1 फॉरेस्ट क्लियरेंस मिलते ही पर्यावरण मंजूरी के लिए आवेदन किया जाएगा। यह मंजूरी जमशेदपुर और ...और पढ़ें

केंद्र सरकार से स्वीकृति के मिलने के बाद जमशेदपुर और पूरे कोल्हान क्षेत्र के लिए सीधी हवाई सेवा का सपना साकार होने लगेगा।
HighLights
स्टेज-1 फॉरेस्ट क्लियरेंस मिलते ही पर्यावरण मंजूरी आवेदन होगा।
एएआई ने केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय को जवाब सौंप दिया।
जमशेदपुर और कोल्हान को मिलेगी सीधी हवाई कनेक्टिविटी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले की बहुप्रतीक्षित धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को लेकर एक अहम प्रगति सामने आई है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने स्पष्ट किया है कि केंद्र सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से 'स्टेज-1 फॉरेस्ट क्लियरेंस' मिलते ही पर्यावरण मंजूरी (Environmental Clearance) के लिए औपचारिक आवेदन दाखिल कर दिया जाएगा।
इस प्रक्रियात्मक स्वीकृति के मिलने के बाद इस्पात नगरी जमशेदपुर और पूरे कोल्हान क्षेत्र के लिए सीधी हवाई सेवा का सपना साकार होने लगेगा।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार की 'उड़ान' योजना के तहत वर्ष 2019 में द्वितीय विश्व युद्ध कालीन पुरानी हवाई पट्टी पर इस एयरपोर्ट का शिलान्यास किया गया था।
लगभग 240 एकड़ वन भूमि पर प्रस्तावित इस प्रोजेक्ट को वन्यजीव और एलीफेंट कॉरिडोर संबंधी आपत्तियों के कारण लंबे समय तक अड़चनों का सामना करना पड़ा था।
हाल ही में एएआई और राज्य वन विभाग द्वारा सभी आपत्तियों का तथ्यात्मक जवाब सौंपे जाने के बाद इसे केंद्रीय 'परिवेश' (PARIVESH) पोर्टल पर दोबारा सूचीबद्ध कर लिया गया है।
फॉरेस्ट क्लियरेंस की प्रक्रिया के तहत स्थानीय डीएफओ और राज्य वन विभाग द्वारा रिपोर्ट मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है।
एएआई अधिकारियों का कहना है कि स्टेज-1 वन स्वीकृति मिलते ही पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) के साथ अंतिम क्लियरेंस की औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी, जिसके बाद वास्तविक निर्माण कार्य में तेजी आएगी।
देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र होने के बावजूद जमशेदपुर अब तक नियमित वाणिज्यिक उड़ान सेवा से वंचित रहा है।
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट शुरू होने से न केवल जमशेदपुर, बल्कि घाटशिला, मुसाबनी, चाकुलिया और बहरागोड़ा क्षेत्र के लोगों को भी सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे कोल्हान में नए पूंजी निवेश, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
