Cummins India: जमशेदपुर पहुंचे MD नितिन जिराफे, 755 कर्मचारियों के लंबित ग्रेड रिवीजन पर आज निर्णायक वार्ता
कमिंस इंडिया के प्रबंध निदेशक नितिन जिराफे जमशेदपुर पहुंचे, जहां मंगलवार को लंबित वेतन समझौते पर निर्णायक वार्ता होगी। 755 कर्मचारियों का वेतन समझौता ...और पढ़ें

कमिंस इंडिया की प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
कमिंस एमडी नितिन जिराफे जमशेदपुर में, वेतन समझौते पर वार्ता।
एसोसिएट ग्रोथ प्लान पर गतिरोध, सुरक्षा मानकों की समीक्षा।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। कमिंस इंडिया (Cummins India) के प्रबंध निदेशक नितिन जिराफे सोमवार को जमशेदपुर पहुंचे। उनके आगमन के साथ ही जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के बहुप्रतीक्षित वेतन समझौते को लेकर हलचल तेज हो गई है।
संभावना जताई जा रही है कि मंगलवार को कंपनी प्रबंधन और यूनियन नेतृत्व के बीच लंबित ग्रेड रिवीजन पर निर्णायक दौर की वार्ता होगी।
शीर्ष प्रबंधन की मौजूदगी से बढ़ी उम्मीदें
जमशेदपुर प्लांट में 755 कर्मचारियों का वेतन समझौता 1 अप्रैल 2026 से लंबित है। वार्ता को परिणाम तक पहुंचाने के लिए प्रबंध निदेशक के साथ-साथ एचआर विभाग की निदेशक पल्लवी देसाई और तीनों प्लांट के वाइस प्रेसिडेंट रोबिन मथाई भी जमशेदपुर पहुंचे हैं।
मंगलवार सुबह दोनों पक्षों के बीच प्रस्तावित इस बैठक पर कर्मचारियों की निगाहें टिकी हुई हैं। उल्लेखनीय है कि कंपनी में वर्ष 2022 से लागू एसोसिएट ग्रोथ प्लान को लेकर कर्मचारियों और यूनियन में भारी असंतोष है।
एसोसिएट ग्रोथ प्लान को लेकर गतिरोध जारी
इस प्लान की वजह से समान कार्य करने वाले कर्मचारियों के बीच करियर ग्रोथ को लेकर भ्रांतियां बनी हुई हैं। यूनियन नेतृत्व इस व्यवस्था में बदलाव की मांग कर रहा है।
जबकि प्रबंधन इसमें किसी तरह का संशोधन करने के पक्ष में नहीं है। इसी गतिरोध के कारण अब तक समझौता अटका हुआ है।
एमडी ने सुरक्षा मानकों की समीक्षा की
जमशेदपुर पहुंचने के बाद सोमवार को प्रबंध निदेशक नितिन जिराफे ने प्लांट के सुरक्षा (Safety) आंकड़ों की समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान उन्होंने सभी सेफ्टी पॉइंट लीडरों के साथ कंपनी परिसर के भीतर होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा की।