विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हजारीबाग के चुरचू-केरेडारी में JSSC CGL रद का असर, 7 अफसरों की सेवा पर संकट; राशन-पेंशन समेत कई काम प्रभावित

Published: Fri, 21 Aug 2026 12:31 PM (GMT+05:30)

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की सीजीएल परीक्षा रद होने से हजारीबाग के चुरचू और केरेडारी प्रखंडों में सात महत्वपूर्ण पदाधिकारियों ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. सीजीएल रद्द होने से सात अधिकारी प्रभावित हुए।

  2. राशन कार्ड, पेंशन जैसे कार्य बाधित हो रहे हैं।

संवाद सहयोगी, हजारीबाग। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की सीजीएल परीक्षा रद्द होने का असर अब प्रखंड स्तर पर भी दिखने लगा है। जिले के चुरचू और केरेडारी प्रखंड में परीक्षा के माध्यम से नियुक्त किए गए सात महत्वपूर्ण पदाधिकारियों की सेवा प्रभावित होने से प्रशासनिक कामकाज पर संकट गहराने लगा है। इससे आम लोगों के जरूरी कार्यों में भी परेशानी बढ़ने की आशंका है।

बता दें कि, चुरचू प्रखंड में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मिथुन कुमार, अंचल निरीक्षक गुलशन कुमार और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी प्रतिभा कुमारी की नियुक्ति प्रभावित हुई है। तीनों सीजीएल के माध्यम से पदस्थापित हुए थे।

परीक्षा रद होने के बाद नौकरी बचाने के लिए संबंधित पदाधिकारी सरकार से गुहार लगाने रांची पहुंचे हैं। इधर उनके पदों पर संकट से राशन कार्ड, पेंशन, छात्रवृत्ति और राजस्व से जुड़े कार्य प्रभावित होने लगे हैं।

चुरचू में पहले से ही अधिकारियों की कमी है। बीडीओ ललित राम के पास अंचलाधिकारी और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार है। ऐसे में तीन और पदों पर संकट ने व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बढ़ा दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे छोटे कार्यों के लिए भी उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

वहीं केरेडारी में भी सीजीएल के जरिए नियुक्त चार पदाधिकारियों की सेवा प्रभावित हुई है। इनमें श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शामिल हैं।

परीक्षा रद होने के बाद संबंधित अधिकारी कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं। दोनों प्रखंडों में श्रम, राजस्व, कल्याण और आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण विभागों का काम प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों ने सरकार से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि प्रशासनिक कामकाज सुचारू रहे और आम जनता को परेशानी नहीं उठानी पड़े।