हजारीबाग में कोढ़ा गिरोह का खेल खत्म! 8 शातिर गिरफ्तार, 100 से ज्यादा वारदातों का खुलासा
हजारीबाग पुलिस ने कोढ़ा गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर शहर में छिनतई की घटनाओं पर लगाम लगाई है। ...और पढ़ें

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बाइक बदल बदलकर वारदात को देते थे अंजाम। जागरण
HighLights
हजारीबाग में कोढ़ा गिरोह के 8 सदस्य गिरफ्तार।
फर्जी नंबर प्लेट और बदली हुई बाइक से करते थे छिनतई।
संवाद सहयोगी, हजारीबाग। शहर में छिनतई की घटनाओं को अंजाम देकर लोगों को परेशानी और पुलिस को चुनौती दे रहे कोढ़ा गिरोह को जिला पुलिस ने नेस्तानाबूद करने का काम किया है। लोहरसिंघना थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इनके पास से करीब 27 ग्राम सोने के आभूषण, चोरी की चार मोटरसाइकिल, 23 पुड़िया नशीला पदार्थ, छह कीपैड मोबाइल और छह फर्जी नंबर प्लेट बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से छिनतई गिरोह के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
बताते चलेें कि पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को विगत एक सितंबर को सूचना मिली थी कि कोढ़ा गिरोह के अपराधी दोबारा शहर में प्रवेश कर छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ रूपक कुमार के नेतृत्व में एंटी क्राइम चेकिंग और छापामारी टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू की। झील के आसपास जांच के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी को दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस के सामने गिरोह की कार्यशैली उजागर की। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मोटरसाइकिल बदलते हुए ये लोग लोगों की रेकी करते थे। इसके बाद सोने चांदी के आभूषण और चेन छीनने के साथ बैंक तथा डाकघर से रुपये निकालने वाले लोगों को निशाना बनाया जाता था।
पुलिस के अनुसार, गिरोह ने बिहार और झारखंड के अलग अलग जिलों में 100 से अधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। जांच में जिला के चौपारण में सक्रिय स्थानीय नेटवर्क का भी खुलासा करते हुए पुलिस ने अरशद खान, अजहर खान और अफसर खान को पूछताछ के लिए पकड़ा। इनके घर से दो मोटरसाइकिल बरामद हुई। वहीं सावन कुमार को गिरफ्तार कर पूर्व की छिनतई की घटना में लूटे गए आभूषण भी बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपितों में मिठ्ठू यादव, रितिक कुमार यादव, सन्नी कुमार, अमन यादव, सावन कुमार, अरशद खान, अजहर खान और अफसर खान शामिल हैं। इनमें कुछ आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और स्थानीय नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
छापामारी दल में सीसीआर डीएसपी, सदर के अलावा कोर्रा, लोहसिंघना, चौपारण एवं कटकमदाग के थाना प्रभारी एवं अन्य पवुलिस पदाधिकारी व जवान शामिल थे।
