पेड़ों के सहारे हो रही बिजली आपूर्ति, हजारीबाग में चोरदाहा पंचायत में अंधेरे से जूझ रहे ग्रामीण
चोरदाहा पंचायत में वर्षों से पेड़ों के सहारे बिजली आपूर्ति हो रही है, जिससे हल्की बारिश में भी बिजली गुल हो जाती है और ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबू ...और पढ़ें

चोरदाहा में पेड़ों के सहारे हो रही बिजली आपूर्ति। एआई जेनरेटेड इमेज
HighLights
चोरदाहा में पेड़ों के सहारे हो रही बिजली आपूर्ति।
हल्की बारिश में भी बिजली आपूर्ति हो जाती है ठप।
संवाद सूत्र, चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड की चोरदाहा पंचायत में बिजली व्यवस्था की बदहाली से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। पंचायत के कई गांवों में आज भी बिजली के खंभों के बजाय पेड़ों के सहारे तार खींचकर विद्युत आपूर्ति की जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण वर्षों से अस्थायी व्यवस्था के भरोसे बिजली सप्लाई की जा रही है, जिससे लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, हल्की बारिश या तेज हवा चलते ही बिजली लाइन में फॉल्ट हो जाता है। इसके कारण घंटों ही नहीं, कई बार कई दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।
वर्तमान में भी पंचायत के कई गांवों में पिछले कई दिनों से नियमित बिजली नहीं मिल रही है, जिससे लोगों को अंधेरे में जीवन बिताना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ों के सहारे खींचे गए बिजली के तार न केवल असुविधा का कारण हैं, बल्कि हमेशा दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। बारिश और तेज हवा के दौरान तार टूटने या पेड़ गिरने की आशंका बनी रहती है, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से स्थायी समाधान करते हुए खंभे लगाकर सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में स्थानीय भाजपा नेता कृष्णा पासवान और राजकुमार यादव ने कहा कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर जन आंदोलन चलाया जाएगा और बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से अविलंब हस्तक्षेप कर चोरदाहा पंचायत में स्थायी विद्युत व्यवस्था बहाल करने तथा खंभे लगाकर सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।