35 करोड़ की योजना फिर भी बदहाल सड़क, चौपारण में गड्ढों से परेशान ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर भरे गड्ढे
चौपारण-चतरा मुख्य मार्ग पर गड्ढों से परेशान दादपुर के ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर सड़क की मरम्मत शुरू की है। विधायक ...और पढ़ें

चौपारण में गड्ढों से परेशान ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर भरे गड्ढे
HighLights
चौपारण-चतरा मार्ग पर गड्ढों से ग्रामीण परेशान।
ग्रामीणों ने चंदा जुटाकर सड़क की मरम्मत की।
35 करोड़ की योजना, टेंडर में देरी से काम रुका।
संवाद सूत्र, चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण-चतरा मुख्य मार्ग पर दादपुर और झापा के समीप सड़क की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े और जानलेवा गड्ढों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं होने से परेशान ग्रामीण अब खुद आगे आए हैं।
दादपुर एवं आसपास के ग्रामीण युवकों ने चंदा जुटाकर सड़क के गड्ढों को भरने का काम शुरू किया है। सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर चौपारण विधायक मनोज कुमार यादव ने पथ निर्माण विभाग, चतरा के अधीक्षण अभियंता को मांग पत्र सौंपा है।
उन्होंने स्वीकृत योजना की टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर सड़क का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य शुरू कराने की मांग की है। विधायक ने बताया कि चौपारण-चतरा मार्ग के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए विभाग की ओर से निविदा जारी की जा चुकी है, लेकिन विभागीय स्तर पर प्रक्रिया में विलंब के कारण अब तक संविदा नहीं खुल सकी है।
उन्होंने राज्य सरकार और संबंधित विभाग से टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की है, ताकि सड़क की मरम्मत जल्द शुरू हो सके।
चंदा जुटाकर गड्ढे भर रहे ग्रामीण
सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीण युवकों का कहना है कि लंबे समय से सड़क पर गड्ढे बने हुए हैं। भारी वाहनों के आवागमन से स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। राहगीरों को दुर्घटना का डर बना रहता है।
स्थायी समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने आपस में चंदा जुटाकर गड्ढों की भराई शुरू की है। इससे पहले सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी मिट्टी-मोरम डालकर गड्ढे भरने का प्रयास किया था, लेकिन भारी वाहनों के कारण वह व्यवस्था ज्यादा दिनों तक नहीं टिक सकी। विधायक मनोज कुमार यादव ने ग्रामीणों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क की स्थायी मरम्मत सरकार और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वीकृत योजना को धरातल पर उतारने के लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की मांग की।
35 करोड़ से होना है जीर्णोद्धार
विधायक मनोज कुमार यादव की पहल पर चौपारण से चतरा तक सड़क के निर्माण, मरम्मत एवं जीर्णोद्धार के लिए राज्य सरकार से करीब 35 करोड़ रुपये की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। इसके बावजूद टेंडर प्रक्रिया में विलंब के कारण काम शुरू नहीं हो सका है।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों और ग्रामीणों का आवागमन होता है। सड़क की जर्जर स्थिति को देखते हुए लोगों को अब स्वीकृत योजना के धरातल पर उतरने का इंतजार है।
