पापा, मुझे बचा लो...गुमला की बेटी RIMS में हार गई जिंदगी की जंग, करमा नाच देखने गई मासूम से हैवानियत
पालकोट थाना क्षेत्र के तपकारा गांव में करमा पर्व के दौरान सामूहिक दुष्कर्म की शिकार एक नाबालिग आदिवासी युवती की ...और पढ़ें

गुमला में सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग की रिम्स में इलाज के दौरान मौत, अज्ञात पर केस दर्ज।
HighLights
नाबालिग आदिवासी युवती की रांची रिम्स में इलाज के दौरान मौत हुई।
करमा पर्व के दौरान सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगा।
पिता ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई, जांच जारी है।
संवाद सूत्र, पालकोट (गुमला)। पालकोट थाना क्षेत्र के तपकारा गांव में करमा पर्व के दौरान नाच-गान में शामिल होने गई एक नाबालिग आदिवासी युवती की इलाज के दौरान शनिवार सुबह रांची रिम्स में मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
मृतका के पिता के बयान पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जानकारी के अनुसार, युवती बुधवार को तपकारा गांव में आयोजित करमा पर्व के सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। इसी दौरान अज्ञात युवकों ने उसका अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और मारपीट कर उसकी हत्या का प्रयास किया।
गुरुवार शाम गंभीर हालत में घर के बाहर मिली थी पीड़िता
परिजन के अनुसार, गुरुवार की शाम युवती गंभीर हालत में घर के बाहर पड़ी मिली। इसके बाद परिजन उसे तत्काल कोलेबिरा अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए सिमडेगा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे गुमला सदर अस्पताल और अंततः रांची रिम्स भेजा गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई।
पुलिस की कार्रवाई जारी
मामले को लेकर पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना में शामिल अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है।
मृतका के पिता ने आवेदन देकर घटना में शामिल लोगों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस टीम ने तपकारा गांव पहुंचकर लोगों से जानकारी जुटाई और संदिग्धों से पूछताछ की है। ग्रामीणों का एक समूह भी थाना पहुंचकर मामले की जानकारी ले चुका है।
पुलिस घटना के दौरान की परिस्थितियों, नाबालिग की गतिविधियों और घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपितों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करने के प्रयास में जुटी है।
यह भी पढ़ें- गुमला में स्कूली छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, बदमाशों ने बेरहमी से पीटा भी; हालत गंभीर होने पर RIMS रेफर
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में RPF इंस्पेक्टर पर 13 वर्षीय बच्ची से छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, रेलवे ने किया निलंबित
