Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुमला में हाथी भगाने के दौरान उग्र हुआ गजराज, ग्रामीणों में दहशत; देखें Live वीडियो

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 01:11 PM (IST)

    गुमला और रांची सीमावर्ती क्षेत्रों में हाथियों के विचरण से ग्रामीणों में दहशत है। हाथी भगाने के दौरान एक सदस्य पर हाथी ने हमला किया, जिसने सूझबूझ से अ ...और पढ़ें

    HighLights

    1. गुमला-रांची सीमा पर हाथियों का आतंक जारी।

    2. हाथी भगाने गए दल के सदस्य पर हमला।

    3. वनकर्मी ने सूझबूझ से बचाई अपनी जान।

    संवाद सूत्र,भरनो (गुमला)। गुमला और रांची जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में इन दिनों दो हाथियों के विचरण से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। इसी क्रम में बीते शाम पारस डैम के समीप कैरो क्षेत्र में किसानों के खेतों में पहुंचे हाथियों को भगाने के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

    हाथी भगाने के लिए पहुंची टीम के एक सदस्य पर अचानक एक हाथी ने हमला कर दिया। हालांकि, सदस्य ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए जमीन पर बैठकर हाथी के हमले से खुद को बचाया और मौका मिलते ही वहां से भाग निकला।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों को खेतों से दूर भगाने के लिए टीम के सदस्य मशाल लेकर मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक हाथी अचानक उग्र हो गया और टीम के एक सदस्य की ओर हमला करने के लिए दौड़ा।

    हाथी को अपनी ओर आते देख सदस्य ने घबराने के बजाय तुरंत जमीन पर बैठकर खुद को बचाने का प्रयास किया। इसके बाद जैसे ही हाथी आगे बढ़ा, सदस्य ने मौका देखकर वहां से सुरक्षित दूरी की ओर भागकर अपनी जान बचाई।

    खबरें और भी

    घटना के दौरान मौके पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों में भी भय का माहौल उत्पन्न हो गया। कुछ समय के लिए लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

    ग्रामीणों का कहना है कि यदि हाथी भगाने वाले सदस्य ने समय रहते सूझबूझ नहीं दिखाई होती, तो गंभीर हादसा हो सकता था। बताया जा रहा है कि हाथियों को भगाने के लिए पहुंची टीम रांची जिला वन विभाग से संबंधित है।

    टीम द्वारा मशाल आदि के माध्यम से हाथियों को आबादी और खेतों से दूर भगाने का प्रयास किया जा रहा था। हालांकि, हाथी के अचानक उग्र होने से टीम के सदस्य को अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा।

    वायरल वीडियो में जंगली हाथी को टीम के सदस्य की ओर आक्रामक तरीके से बढ़ते हुए देखा जा सकता है। इस घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों में हाथियों को लेकर भय और अधिक बढ़ गया है।

    ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हाथियों को सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्रों से दूर करने की मांग की है। साथ ही, ग्रामीणों से भी हाथियों के नजदीक न जाने और उन्हें भगाने के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।

    यह भी पढ़ें- मकान की दीवार गिरी तो मिले दो किलो प्राचीन चांदी के सिक्के, हजारीबाग प्रशासन पहुंचा; अंदर का राज जान रह गए दंग