प्रेमिका से मिलने पहुंचा था 17 साल का सूरज, महागामा में मिली लाश; प्रेम-प्रसंग में पीट-पीटकर हत्या से सनसनी
Godda News: महागामा के रघुनाथ कित्ता में एक नाबालिग किशोर सूरज राय की प्रेम-प्रसंग के चलते पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के ...और पढ़ें

घटनास्थल पर बिलखती मृतक सूरज की मां और अन्य स्वजन। (फोटो जागरण)
संवाद सूत्र, महागामा (गोड्डा)। झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के रघुनाथ कित्ता के समीप नाबालिक किशोर की पीट-पीटकर कर हत्या कर दी गई है। मामला प्रेम-प्रसंग का बताया जाता है। घटना महागामा थाना क्षेत्र के रघुनाथ कित्ता गांव के समीप पुलिया के पास की है।
घटना के संबंध में मृतक की मां किरण देवी ने बताया कि पथरगामा थाना क्षेत्र के तरडीहा गांव निवासी स्वर्गीय राधे राय का 17 वर्षी पुत्र सूरज राय अपने दोस्त के ससुराल गोड़िया आया था। जहां प्रेम प्रसंग में उसकी हत्या पीट-पीटकर कर दी गई। किशोर गांव की एक महिला से अक्सर मिलने जाता था।
घटना की सूचना गांव में समधिन के रिश्तेदार में लगने वाली एक महिला ने फ़ोन कर घटना की सूचना दी। खबर मिलने के बाद पथरगामा से मृतक के स्वजन जब महागामा पहुंचे तो बेटे की लाश को देखकर फफक-फफक रोने लगे । बताया कि बेहरमी से नाबालिग के साथ मारपीट की गई है।
महिला ने बताया कि उनके पुत्र के गले में मारपीट का निशान भी पाया गया है और नाक से खून निकल रहा था। शव को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि उसे बेहरमी के साथ पीटा गया है। घटना को अंजाम कहीं और दिया गया है और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को गांव से करीब 500 मीटर दूर पुलिया के पास लाकर फेंक दिया है ताकि पुलिस को घटना का पता नहीं चल सके।
खबरें और भी
घटना के बाद आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। घटना से स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुत्र की मृत्यु पर मां दहाड़ मारकर रो रही थी । घटना को लेकर लोग तरह-तरह की चर्चा करते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक उपेंद्र महतो भी पहुंचें तथा जांच पड़ताल की ।
पुलिस के द्वारा शव को बरामद कर थाना लाया तथा वहां से पोस्टमार्टम कराने को लेकर सदर अस्पताल गोड्डा भेजा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। खबर लिखे जाने तक हत्यारोपित की गिरफ्तारी नही हो पाई थी।