विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जेएसएससी सीजीएल घोटाले में सीआईडी की बड़ी कार्रवाई, गिरिडीह से अधिकारी हिरासत में

Published: Sat, 29 Aug 2026 01:06 PM (IST)

गिरिडीह के बेंगाबाद में जेएसएससी-सीजीएल भर्ती घोटाले की जांच के लिए सीआईडी ने दूसरी बार दबिश दी और सफल सहायक प्रशाखा पदाधिकारी समीर उर्फ शालू को हिरासत में लिया।

सीआइडी ने गिरिडीह के बेंगाबाद से चयनित प्रशाखा पदाधिकारी समीर को लिया हिरासत में। (प्रतीकात्मक फोटो)

सीआइडी ने गिरिडीह के बेंगाबाद से चयनित प्रशाखा पदाधिकारी समीर को लिया हिरासत में। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. सीआईडी ने जेएसएससी-सीजीएल घोटाले में बेंगाबाद में दबिश दी।

  2. सफल सहायक प्रशाखा पदाधिकारी समीर उर्फ शालू हिरासत में।

  3. पूछताछ के बाद समीर को गिरिडीह से रांची ले जाया गया।

संवाद सहयोगी, बेंगाबाद ( गिरिडीह)। JPSC-JSSC Recruitment में हुई गड़बड़ी की जांच को लेकर झारखंड के गिरिडीह जिले के बेंगाबाद में सीआइडी की टीम ने दूसरी बार दबिश दी। इस दौरान सीजीएल परीक्षा में सफल सहायक प्रशाखा पदाधिकारी समीर उर्फ शालू को हिरासत लिया गया।

CID की टीम में शामिल लगभग आधा दर्जन सदस्यों ने बेंगाबाद पुलिस के सहयोग से गुरुवार की रात लगभग नौ बजे बेंगाबाद चौक स्थित नव दुर्गा मिष्ठान भंडार में छापेमारी कर जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में सफल सहायक प्रशाखा पदाधिकारी समीर उर्फ शालू को हिरासत में लिया।समीर के बेंगाबाद बस्ती स्थित घर ले जाकर मोबाइल, लैपटाप आदि सामान जब्त कर थाना लाया।

गिरिडीह में पूछताछ के बाद शुक्रवार को उसे रांची ले जाया गया। इसके पूर्व बेंगाबाद के हथबोर से JSSC-CGL परीक्षा के कथित मास्टर माइंड अभय तिवारी के ससुर सहायक अध्यापक विकास पांडेय को 20 दिन पहले हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई थी। उसके बाद उसे छोड़ दिया गया था।

बताया जाता है कि समीर एक दिन पूर्व छुट्टी पर रांची से घर लौटा था। वह रात में अपने मिष्ठान भंडार में था । इस बीच उक्त टीम वहां पहुंची और उसे उक्त मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

समीर के स्वजन ने बताया कि रात में टीम के अधिकारी ने बताया था कि पूछताछ के लिए गिरिडीह ले जाया जा रहा है, लेकिन शुक्रवार शाम तक भी जानकारी नहीं मिल पाई है कि उसे कहा रखा गया है।

जेएसएससी सीजीएल सफल होने पर कोलकाता की नौकरी छोड़ी

बताया जाता है कि समीर कोलकाता में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। लेकिन सीजीएल परीक्षा में सफल होकर सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के पद पर चयन होने के बाद उसने कोलकाता की नौकरी छोड़ दी थी और रांची में योगदान दिया था। जिससे स्वजन काफी खुश थे। अब अचानक सीआइडी की टीम द्वारा समीर को हिरासत में लेने के बाद स्वजन काफी चिंतित हैं।