Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कल्पना सोरेन के विधानसभा क्षेत्र में अधूरी सड़क के विरोध का अनोखा तरीका, रोड पर बने गड्ढे ही में मछली पालन

    Updated: Sat, 11 Jul 2026 06:53 PM (IST)

    गिरिडीह के बेगाबाद में अधूरी सड़क के विरोध में ग्रामीणों ने गड्ढों में मछली डालकर प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

    सड़क पर बने गड्ढे में मछली का जीरा डालकर विरोध जताती मुखिया सुनीता देवी व उपस्थित ग्रामीण।(फोटो जागरण)

    सड़क पर बने गड्ढे में मछली का जीरा डालकर विरोध जताती मुखिया सुनीता देवी व उपस्थित ग्रामीण।(फोटो जागरण)

    HighLights

    1. छोटकी खरगडीहा से पंचायत सचिवालय तक अधूरी सड़क का विरोध।

    2. ग्रामीणों ने सड़क के गड्ढों में मछली डालकर प्रदर्शन किया।

    3. 15 दिनों में काम न होने पर कार्यालय में तालाबंदी की चेतावनी।

    संवाद सूत्र, बेगाबाद ( गिरिडीह)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के विधानसभा क्षेत्र में अधूरी सड़क के विरोध का अनोखा आंदोलन चर्चा का विषय बन गया है। लोगों ने सड़क पर बने गड्ढों में भरे पानी में मछली पालन शुरू करने का प्रतीकात्मक अभियान चलाया। शनिवार को छोटकी खरगडीहा पंचायत की मुखिया सुनीता देवी के नेतृत्व में गड्ढों में मछली का जीरा छोड़ा गया।

    15 दिन में सड़क निर्माण नहीं होने पर तालाबंदी की चेतावनी 

    बनहती-छोटकी खरगडीहा मुख्य मार्ग पर छोटकी खरगडीहा चौक से पंचायत सचिवालय तक अधूरी छोड़ दी गई सड़क का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सड़क के गड्ढों में मछली का जीरा डालकर विभाग का ध्यान आकर्षित किया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि 15 दिनों के भीतर विभाग ने पहल नहीं की, तो संबंधित विभाग के कार्यालय में तालाबंदी कर अधिकारियों का प्रवेश रोका जाएगा।

    ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क यातायात की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मार्ग से चारपहिया और दोपहिया वाहनों का लगातार आवागमन होता है। सड़क के जर्जर होने पर ग्रामीणों की मांग के बाद इसके निर्माण की स्वीकृति मिली थी।

    वर्ष 2022-23 में ही सड़क निर्माण का हुआ था एग्रीमेंट 

    जानकारी के अनुसार, योजना वर्ष 2022-23 में सड़क निर्माण का एग्रीमेंट हुआ था। संवेदक ने निर्माण कार्य शुरू तो किया, लेकिन छोटकी खरगडीहा चौक से पंचायत सचिवालय तक का हिस्सा अधूरा छोड़ दिया। इसके कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर कई बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के कारण इनमें पानी भर गया है, जिससे आए दिन छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हो रही हैं। भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।

    इस संबंध में मुखिया सुनीता देवी और पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद वर्मा की पहल पर विभागीय अधिकारियों और संवेदक को कई बार पत्र भेजकर निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन में पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद वर्मा, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि शमसुद्दीन अंसारी, राजू साव, प्रमोद पंडित, अर्जुन पंडित, मो. कादिर अंसारी, मिष्टी देवी, रेखा देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

    खबरें और भी