गिरिडीह CGST कार्यालय पर CBI की जंबो टीम का छापा, 3 राज्यों के अफसरों ने 10 घंटे तक खंगाले दस्तावेज
गिरिडीह के बरमसिया स्थित केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर कार्यालय पर सीबीआई की एक बड़ी टीम ने छापा मारा। जीएसटी वसूली में गड़बड़ी की शिकायत के बाद 10 घंटे ...और पढ़ें

CBI की जंबो टीम का छापा
HighLights
गिरिडीह CGST कार्यालय पर CBI टीम का छापा।
जीएसटी वसूली में गड़बड़ी की शिकायत पर कार्रवाई।
झारखंड, बंगाल, ओडिशा के अधिकारी जांच में शामिल।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। शहर के बरमसिया स्थित केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर तथा केंद्रीय उत्पाद शुल्क प्रमंडल गिरिडीह कार्यालय में बुधवार को सीबीआई की जंबो टीम ने दस्तक दी। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे एक साथ कई वाहनों से सीबीआई की संयुक्त टीम पहुंची और कार्यालय को अपने कब्जे में ले लिया।
इस टीम में झारखंड, बंगाल व ओडिशा के अधिकारी शामिल हैं। सुबह 11 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई रात नौ बजे तक चलती रही। गेट के अंदर किसी को भी आने जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है।
जीएसटी वसूली में गड़बड़ी की शिकायत
कहा जाता है कि मोबाइल व वाहनों की चाबी भी छापेमारी टीम ने अपने कब्जे में ले लिया है। कार्यालय के गेट के पास दो कर्मी बैठे हुए हैं जो वहां जाने वाले को गेट बंद कर रोकते रहे हैं और उच्च स्तरीय बैठक होने की बात कह कर लौटा रहे हैं।
बहरहाल यह बैठक है या छापेमारी, फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पा रही है लेकिन विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि जीएसटी वसूली में गड़बड़ी में मिली शिकायत के बाद सीबीआई की यह छापेमारी हुई है और अंदर दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।
बड़ी गड़बड़ी उजागर होने की संभावना
सूत्रों के मुताबिक सीबीआई की यह कार्रवाई जीएसटी वसूली में हुई गड़बड़ी को लेकर की गई है। हालांकि इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पा रही है।
लेकिन सूत्रों की मानें तो जीएसटी वसूली से संबंधित दस्तावेजों की जांच में कोई बड़ी गड़बड़ी उजागर होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल दस्तावेजों को खंगाले जाने की प्रक्रिया जारी है और यह कार्रवाई देर रात तक चलने की संभावना है।