Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गढ़वा के बायें गांव में एक ही मकान नंबर पर दर्ज मिले 447 वोटर, मतदाता सूची की गड़बड़ी पर शुरू हुई जांच

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 08:58 PM (IST)

    गढ़वा के बायें गांव में प्रारूप मतदाता सूची में एक ही मकान नंबर पर 447 मतदाताओं के नाम दर्ज होने की गंभीर त्रुटि सामने आई है। जिला प्रशासन ने जांच शुर ...और पढ़ें

    गढ़वा में प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदाता सूची में दर्ज गृह संख्या और मतदाताओं की स्थिति की जांच की।

    गढ़वा में प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदाता सूची में दर्ज गृह संख्या और मतदाताओं की स्थिति की जांच की।

    HighLights

    1. प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव पहुंचकर स्थलीय जांच की।

    2. त्रुटि सुधार के लिए 4 सितंबर तक आवेदन करें।

    संवाद सहयोगी, गढ़वा। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में बायें गांव (मतदान केंद्र संख्या 282) से सामने आई गंभीर त्रुटि के बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया है। 
     
    उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) कुमार मयंक भूषण, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुद कुमार झा और अंचल अधिकारी ओम प्रियदर्शी गुप्ता ने शनिवार को गांव पहुंचकर स्थलीय जांच की।
     

    अधिकारियों ने जाना ग्रामीणों का पक्ष

    जांच के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी वास्तविक गृह संख्या और परिवार में रहने वाले मतदाताओं की जानकारी ली। 

    गृह स्वामी राम पवन राम (गृह संख्या-1) ने बताया कि हमारे घर में कुल 20 सदस्य हैं, जिनमें केवल 12 मतदाता हैं। इसके बावजूद प्रारूप मतदाता सूची में हमारे मकान नंबर पर 447 मतदाता दर्ज दिख रहे हैं। 

     
    हमने SIR फॉर्म पूरी तरह सही भरा था, ऐसे में यह गड़बड़ी समझ से परे है। स्थानीय समाजसेवी सलीम जाफर ने 5 अगस्त को सूची जारी होने के बाद इस गड़बड़ी की शिकायत अधिकारियों से की थी। 
     
    वहीं ग्राम बायें की बीएलओ संध्या देवी और ग्रामीण सच्चिदानंद तिवारी का मानना है कि घर-घर जाकर फॉर्म भरवाए गए थे, लेकिन संभवतः डेटा एंट्री/ऑनलाइन फीडिंग के दौरान किसी स्तर पर यह तकनीकी त्रुटि हुई है।
     

    तकनीकी वजह से हुई त्रुटि, जल्द होगा सुधार

    अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन पूर्व से दर्ज गृह संख्या के आधार पर तैयार पैकेट के अनुसार किया गया है। जिन आवेदनों में सही गृह संख्या दर्ज नहीं हो सकी, वे स्वतः ही पहले से दर्ज मकान नंबर के अंतर्गत टैग हो गए। 
     
    अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि SIR की प्रक्रिया का उद्देश्य ही इन त्रुटियों को चिन्हित कर दूर करना है और अंतिम सूची पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित प्रकाशित की जाएगी।
     

    सुधार के लिए 4 सितंबर तक का समय और विशेष कैंप की तिथियां

    प्रशासन ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों और पंचायत भवनों में प्रारूप सूची प्रकाशित कर दी गई है। मतदाता 5 अगस्त से 4 सितंबर तक आवश्यक सुधार के लिए प्रपत्र-6, 7 एवं 8 में आवेदन कर सकते हैं।

    जांच टीम ने ग्रामीणों से बीएलओ का सहयोग करने और अपनी प्रविष्टियों की जांच कर समय रहते सुधार कराने की अपील की है। आवेदन बीएलओ के माध्यम से या ऑनलाइन जमा किए जा सकते हैं।

    •     विशेष कैंप की तिथियां: 8 एवं 9 अगस्त तथा 22 एवं 23 अगस्त (सभी बूथों पर)।
    •     विशेष आम सभा: 15 अगस्त को दावा-आपत्ति के संबंध में विशेष ग्राम सभा का आयोजन होगा।