Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गैंगस्टर प्रिंस खान की धमकी के खिलाफ माले का गढ़वा में प्रतिरोध मार्च, विधायक अरूप चटर्जी की सुरक्षा की मांग

    Updated: Wed, 08 Jul 2026 11:49 AM (IST)

    भाकपा माले ने निरसा विधायक अरूप चटर्जी को गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा धमकी दिए जाने के विरोध में गढ़वा में प्रतिरोध मार्च निकाला। उन्होंने प्रिंस खान क ...और पढ़ें

    गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा माले विधायक को धमकी के खिलाफ गढ़वा में फूटा गुस्सा, भाकपा माले ने निकाला मार्च।

    गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा माले विधायक को धमकी के खिलाफ गढ़वा में फूटा गुस्सा, भाकपा माले ने निकाला मार्च।

    HighLights

    1. माले ने विधायक अरूप चटर्जी को धमकी के खिलाफ मार्च निकाला।

    2. गैंगस्टर प्रिंस खान की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई।

    3. सांसद ढुलु महतो के आपराधिक संबंधों की जांच की मांग।

    जागरण संवाददाता, गढ़वा। निरसा से भाकपा माले के विधायक अरुप चटर्जी को कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा गोली मारने की धमकी देने और कोयलांचल में दहशत फैलाने की साजिश के खिलाफ राज्यव्यापी प्रतिवाद कार्यक्रम के तहत गढ़वा में प्रतिरोध मार्च निकाला गया।

    भाकपा माले जिला कमेटी के नेतृत्व में आयोजित यह मार्च गढ़वा प्रखंड कार्यालय से शुरू होकर मुख्य मार्ग, अस्पताल और थाना होते हुए शहर के रंका मोड़ पहुंचा, जहां यह एक बड़ी प्रतिवाद सभा में तब्दील हो गया।

    प्रतिरोध मार्च में शामिल कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए जोरदार नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने "धनबाद सांसद ढुलू महतो के कोयला कारोबार में अवैध कमाई पर रोक लगाओ", "गैंगस्टर प्रिंस खान को तत्काल गिरफ्तार करो", "भाजपा-अपराधी गठजोड़ को ध्वस्त करो" और "प्रिंस खान व ढुलू महतो के मधुर संबंधों की जांच कराओ" जैसे गगनभेदी नारे लगाए।

    भाजपा कोयलांचल में माफिया राज चाहती है: कालीचरण मेहता

    प्रतिवाद सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के गढ़वा जिला सचिव कालीचरण मेहता ने केंद्र और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दुबई और पाकिस्तान में शरण लिए कुख्यात शूटरों की मदद से भाजपा कोयलांचल में दोबारा माफिया राज स्थापित करने की साजिश रच रही है।

    अपराधों के लिए चर्चित धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो जब निरसा में अपनी रंगदारी की राजनीति में विफल रहे, तो उन्होंने अपने अंडरग्राउंड सहयोगी प्रिंस खान को आतंक फैलाने की सुपारी दे दी।

    माले की राज्य सरकार से मांगें

    भाकपा माले ने हेमंत सोरेन सरकार से इस मामले में तुरंत कड़े कदम उठाने की मांग की है।

    • त्वरित कार्रवाई: गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गुर्गों को फौरन कानूनी शिकंजे में लेकर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
    • विधायक की सुरक्षा: माले विधायक अरुप चटर्जी की पूर्ण सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित की जाए।
    • उच्च स्तरीय जांच: सांसद ढुलू महतो के आपराधिक मामलों, उनकी अवैध संपत्ति और प्रिंस खान के साथ उनके कथित आपराधिक रिश्तों की जांच के लिए एक स्वतंत्र उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया जाए।

    मार्च में ये रहे मुख्य रूप से शामिल

    सभा को राज्य कमेटी सदस्य सुषमा मेहता और जिला कमेटी सदस्य बीरेंद्र चौधरी ने भी संबोधित किया। इस मौके पर मुख्य रूप से हीरा चौधरी, संगीता देवी, अम्बिका चौधरी, प्रेम विश्वकर्मा, गीता देवी, सुरेश चौधरी, नंदू राम, कुंदन मेहता, बिट्टू पासवान, उदय पासवान, संसेश मेहता, नंदन मेहता सहित बड़ी संख्या में माले कार्यकर्ता और आम लोग उपस्थित थे।

    खबरें और भी