दुमका में नहाने के दौरान तालाब में डूबे भाई-बहन, प्रिंस की मौत; ज्योति को बचाया
रामगढ़ थाना क्षेत्र के घाघरी गांव में एक तालाब में नहाते समय आठ वर्षीय प्रिंस कुमार की डूबने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर। (जागरण)
HighLights
रामगढ़ के घाघरी गांव में तालाब में डूबा बच्चा।
आठ वर्षीय प्रिंस कुमार की हुई दुखद मौत।
बहन ज्योति कुमारी को ग्रामीणों ने बचाया सुरक्षित।
संवाद सहयोगी, रामगढ़ (दुमका)। रामगढ़ थाना क्षेत्र की बंदरजोड़ा पंचायत के घाघरी गांव में शुक्रवार की सुबह तालाब में डूब जाने से रमेश मांझी के आठ वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार की मौत हो गई।
प्रिंस कुमार बहन ज्योति कुमारी के साथ स्कूल जाने से पहले तालाब में स्नान करने गया था। तालाब में स्नान करने के दौरान दोनों भाई-बहन गहरे पानी में डूबने लगे।
इसके बाद आसपास के कुछ लोगों ने देखा तो शोर मचाया। आनन-फानन में ग्रामीण तालाब में कूद गए और किसी प्रकार बहन ज्योति कुमारी को पानी से निकाला।
वहीं, प्रिंस गहरे पानी के अंदर चला गया। पांच मिनट बाद ही ग्रामीणों ने उसे भी पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जीवित होने की उम्मीद में स्वजन आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत घोषित करने के बाद स्वजन शव लेकर गांव चले आए। बालक के पिता रमेश मांझी कर्नाटक में मजदूरी करने गए हुए हैं। शनिवार शाम तक उनके पहुंचने की उम्मीद है।
प्रिंस रमेश मांझी का इकलौता बेटा था। वह प्राथमिक विद्यालय घाघरी में दूसरी क्लास में पढ़ता था। बहन ज्योति कुमारी इसी विद्यालय में तीसरा वर्ग में पढ़ती है।
यह भी पढ़ें- दुमका में लगातार चोरी पर बवाल, गुस्साए ग्रामीणों ने चोर को रस्सी से बांधकर दी सजा; पुलिस ने भीड़ से बचाया