विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुमका में रील बनाने के चक्कर में दो किशोर नदी में डूबे, एक का शव बरामद

Published: Sun, 06 Sep 2026 06:46 PM (IST)

हंसडीहा में धोबई नदी के चेकडैम में रील बनाने उतरे तीन दोस्तों में से दो की तेज धार में बहने ...और पढ़ें

नदी में बने चेकडैम की तेज धार के बीच उतरना जिंदगी पर भारी पड़ा।

नदी में बने चेकडैम की तेज धार के बीच उतरना जिंदगी पर भारी पड़ा।

HighLights

  1. रील बनाने धोबई नदी के चेकडैम में उतरे थे दोस्त।

  2. तेज धार में बहने से दो किशोरों की हुई दर्दनाक मौत।

  3. एक शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी, SDRF टीम को बुलाया।

संवाद सूत्र, हंसडीहा (दुमका)। सोशल मीडिया पर रील बनाने और दोस्तों के साथ मौज-मस्ती का शौक रविवार को तीन दोस्तों पर भारी पड़ गया। धोबई नदी में बने चेकडैम पर तेज धार के बीच उतरने के दौरान दो किशोर गहरे पानी में डूब गए।

इनमें 16 वर्षीय रमण मंडल का शव करीब चार घंटे की तलाश के बाद बरामद कर लिया गया, जबकि पांडव का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। अपने दोनों साथियों को डूबता देख तीसरे दोस्त ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद चेकडैम के पास अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और नदी में उतरकर दोनों किशोरों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस और प्रशासन को भी हादसे की जानकारी दी गई।

चार घंटे की तलाश के बाद मिला रमण का शव

स्थानीय लोगों ने काफी देर तक नदी और चेकडैम के आसपास दोनों किशोरों की तलाश की। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद 16 वर्षीय रमण मंडल का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही घटनास्थल पर मौजूद स्वजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया।

बताया जाता है कि तीनों दोस्त धोबई नदी के चेकडैम पर घूमने और रील बनाने के उद्देश्य से पहुंचे थे। नदी में पानी का बहाव तेज था। इसके बावजूद तीनों पानी में उतर गए। इसी दौरान दो किशोर गहरे पानी और तेज धारा की चपेट में आ गए।

तीसरे दोस्त ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सका। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर दोनों की तलाश शुरू कर दी।

एसडीआरएफ को दी गई सूचना

हादसे की जानकारी मिलने के बाद सरैयाहाट के बीडीओ राहुल कुमार शानू घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। पांडव की तलाश के लिए ग्रामीणों ने दोबारा नदी में उतरने की कोशिश की, लेकिन शाम होने और पानी का बहाव तेज रहने के कारण स्थानीय प्रशासन ने उन्हें रोक दिया।

स्थानीय स्तर पर काफी प्रयास के बावजूद पांडव का पता नहीं चल सका। प्रशासन ने उसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को सूचना दी है। सोमवार को टीम के पहुंचने के बाद नदी में व्यापक स्तर पर सर्च अभियान चलाए जाने की उम्मीद है।

रील बनाने के लिए बनाया वीडियो, बन गया जिंदगी-मौत का मंजर

रविवार को तीनों दोस्त धोबई नदी के चेकडैम पर रील बनाने पहुंचे थे। मोबाइल कैमरे के लिए बनाया जा रहा वीडियो देखते ही देखते जिंदगी और मौत के मंजर में बदल गया। तेज धार में उतरने के बाद दो दोस्त पानी में समा गए।

लापता पांडव का घर हंसडीहा से करीब 10 किलोमीटर दूर तेतरिया गांव में है। दोस्तों के बुलाने पर वह हंसडीहा आया था। वहीं, रमण अपने घर का इकलौता बेटा था। उसकी मां सरैयाहाट स्थित इंटरनेशनल स्कूल ऑफ दुमका में शिक्षिका हैं। पांडव के पिता राजेंद्र सिंह टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

हादसे के बाद धोबई नदी के चेकडैम पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। घटना को लेकर इलाके में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि नदी में पानी का बहाव तेज होने के बावजूद किशोर पानी में उतर गए, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।