Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दुमका के दिग्घी स्कूल में छात्रा से कथित छेड़छाड़, विरोध में ग्रामीणों का हंगामा

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 03:31 PM (IST)

    Dumka School Molestationः दुमका के सरैयाहाट स्थित दिग्घी उच्च विद्यालय में सातवीं की छात्रा ने प्रभारी प्रधानाध्यापक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। ...और पढ़ें

    उत्क्रमित उच्च विद्यालय दिग्घी में आक्रोशित लोगों को समझाते अंचल अधिकारी।(फोटो जागरण)

    उत्क्रमित उच्च विद्यालय दिग्घी में आक्रोशित लोगों को समझाते अंचल अधिकारी।(फोटो जागरण)

    HighLights

    1. दुमका के दिग्घी स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप।

    2. प्रभारी प्रधानाध्यापक पर लगा गंभीर आरोप, ग्रामीणों का विरोध।

    3. पुलिस ने संभाली स्थिति, मामले की गंभीरता से जांच जारी।

    संवाद सहयोगी, सरैयाहाट (दुमका)। झारखंड की उप राजधानी दुमका के सरैयाहाट प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय दिग्घी में कक्षा सातवीं की एक छात्रा द्वारा विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पर कथित छेड़छाड़ का आरोप लगाए जाने के बाद क्षेत्र में अभिभावकों और ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है। सोमवार को विद्यालय में अभिभावकों ने विरोध में हंगामा किया। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। 

    पीड़ित छात्रा का आरोप है कि वह बीते बुधवार को किताब लेने विद्यालय गई थी। इसी दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक ने उसके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार करते हुए छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। घर पहुंचने पर छात्रा ने घटना की जानकारी अपने स्वजनों को दी। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और स्वजन आक्रोशित हो गए। सोमवार को विद्यालय में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। जिसके कारण स्कूल बंद कर दिया गया।  

    सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी राहुल कुमार शानू एवं थाना प्रभारी राजेंद्र यादव पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और विद्यालय का ताला खुलवाया। इसके बाद पीड़ित छात्रा से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली तथा घटनास्थल का जायजा लिया। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।  

    आरोपित ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

    प्रभारी प्रधानाध्यापक पप्पू राम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार और झूठा बताया। उन्होंने कहा कि यह एक राजनीतिक षड्यंत्र है, जिसमें विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष की मुख्य भूमिका है। उनका आरोप है कि अध्यक्ष की मनमानी का विरोध करने के कारण उनके खिलाफ साजिश रची गई है।

    खबरें और भी

    उन्होंने यह भी कहा कि वे पिछले दस वर्षों से विद्यालय में कार्यरत हैं और इस दौरान उनके खिलाफ कभी किसी प्रकार की शिकायत नहीं हुई।  

    मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़ित छात्रा से भी बातचीत की गई है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।-राहुल कुमार शानू, अंचलाधिकारी सरैयाहाट।