दुमका में दहेज के लिए ससुरालियों ने नवविवाहिता को मौत के घाट उतारा, आत्महत्या दिखाने के लिए फांसी पर लटकाया
दुमका के रामगढ़ में दो माह पहले ब्याही डोली कुमारी की दहेज के लिए हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया। पिता ने पति, सास और मामा ससुर के खिलाफ शिकायत ...और पढ़ें
-1782901054221_m.webp)
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामगढ़ में बुधवार को मृतका डोली के मायके वाले। फोटो जागरण
HighLights
दुमका में दो माह पहले ब्याही डोली कुमारी की हत्या।
दहेज के लिए हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया।
पति, सास और मामा ससुर पर हत्या का आरोप, फरार।
संवाद सहयोगी, रामगढ़ (दुमका)। रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भतुड़िया बी पंचायत के शंकरपुर गांव में मंगलवार की दोपहर दहेज लोभियों ने दो माह पूर्व शादी कर लाई गई डोली कुमारी की हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे फांसी पर लटका दिया।
बुधवार की सुबह मृतका के पिता रोहित पंडित ने रामगढ़ थाना में पति चंदन कुमार पंडित, सास अमृता देवी एवं मामा ससुर राम पंडित के खिलाफ बेटी की हत्या करने को लेकर रामगढ़ थाना में आवेदन दिया है। मृतका के मायके वाले ही शव का पोस्टमार्टम कराने दुमका लेकर गए।
मृतका के पिता रोहित पंडित ने बताया कि वह जरमुंडी प्रखंड के तालझारी थाना अंतर्गत शंकरपुर गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी बेटी डोली कुमारी की शादी 29 अप्रैल 2026 को शंकरपुर गांव के चंदन कुमार पंडित के साथ बड़े धूमधाम से की थी।
शादी के समय सामर्थ्य के अनुसार सभी सामग्री भी प्रदान की थी। उन्हें क्या पता था की बेटी की हाथ की मेहंदी छूटने से पहले ही उसकी डोली की अर्थी उठ जाएगी। डोली की हाथ की मेहंदी अभी भी सही तरीके से नहीं छूटा था।
खबरें और भी
रोहित ने बताया कि मंगलवार को लगभग 11 बजे उनके दामाद चंदन ने उन्हें फोन कर जानकारी दी कि उनकी बेटी किसी दूसरे के साथ मोबाइल पर बात करती है। इस पर उन्होंने बेटी को फोन कर समझाया तो उसकी बेटी ने कहा कि वह किसी से फोन पर बात नहीं करती है। उनके साथ ससुराल वाले मारपीट करते हैं।
मायके से बुलेट गाड़ी, गोदरेज, फ्रिज, पलंग समेत अन्य सामग्री लाने को कह रहे हैं। रोहित ने बताया कि कुछ देर बाद चंदन फिर फोन करता है और कहता है कि उसकी बेटी फांसी लगाना चाह रही है। इस पर उन्होंने चंदन से कहा कि वह उसकी बेटी को पकड़ कर रखे वह वहां पर आकर उन्हें समझा देंगे।
इसके बाद वह लगभग दो बजे शंकरपुर अपने बेटी के घर पहुंचे तो उनके बेटी के घर में ताला लगा हुआ था। अगल-बगल के लोगों ने बताया कि उसकी बेटी को लेकर सभी लोग रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए हैं। जब वह रामगढ़ स्थित अस्पताल पहुंचे तो उनकी बेटी डोली मृत अवस्था में पड़ी हुई थी।
वहीं उसका दामाद चंदन समेत ससुराल का कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा की बेटी के गले में मारपीट के काफी निशान है। कहा कि उनकी बेटी की दहेज के कारण हत्या की गई है और शव को आत्महत्या का रूप दिखाने के लिए फांसी पर लटका दिया गया है।
वहीं इस मामले में रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार ने कहा कि मृतका के पिता रोहित कुमार द्वारा आवेदन दिया गया है। इस पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा हो पाएगा की डोली की हत्या हुई है या आत्महत्या है। इधर शंकरपुर गांव में चंदन कुमार अपने घर में ताला लगाकर सभी लोग फरार हो गए हैं।