फर्जी प्रमाण पत्र से आंगनबाड़ी सेविका बनी पूजा दास का चयन रद, दुमका के रानीश्वर BDO की कार्रवाई
दुमका के रानीश्वर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र भुड़ावाली की सेविका पूजा दास का चयन फर्जी शैक्षणिक प्रमाण पत्र के कारण रद्द ...और पढ़ें

आंगनवाड़ी सेविका का चयन रद। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, दुमका। रानीश्वर के आंगनबाड़ी केन्द्र भुड़ावाली की सेविका पूजा दास को फर्जी प्रमाण पर नौकरी लेना महंगा पड़ गया। जांच में उनका प्रमाण पत्र फर्जी निकलने पर सेविका को चयन मुक्त करते हुए मंगलवार को थाना में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
भुड़ावाली आंगनबाड़ी केंद्र के सेविका पुतुलरानी दास की 23 जून 24 को मृत्यु हो गई। उसकी आश्रिता बहु पूजा दास ने नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर सेविका पद पर बहाली के लिए आवेदन दिया।
पिछले साल आठ फरवरी को सेविका चयन के लिए आम सभा हुई, लेकिन एक भी योग्य आवेदिका नहीं पाये जाने के कारण आम सभा को रद कर दिया गया।
इसके बाद फिर से 11 नवंबर 25 को तत्कालीन बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने आम सभा की। जिसमें पूजा दास सहित कुल तीन ने आवेदन दिया।
नियमानुसार पूजा दास को प्राथमिकता देते हुए सेविका चुन लिया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी से इसकी अनुशंसा की गई।
प्रमाण पत्र की जांच के बाद के बाद शुरू होता मानदेय
चयनित आंगनबाड़ी सेविका के शैक्षणिक प्रमाण पत्र के सत्यापन सही पाये जाने पर ही मानदेय दिये जाने का प्रावधान है। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी राजेश कुमार सिन्हा ने पूजा दास के समर्पित शैक्षणिक प्रमाण पत्रों का सत्यापन के लिए संबंधित परीक्षा बोर्ड एवं संबंधित विद्यालय को भेजा।
उच्च माध्यमिक विद्यालय नौवागढ़ी, मुगैर के द्वारा सूचित किया गया कि पूजा दास का वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2018 का संलग्न प्रवेश पत्र व अंक पत्र उनके विद्यालय से निर्गत नहीं हुआ है। पूजा दास ने पहली आमसभा में कोई भी शैक्षणिक प्रमाण पत्र समर्पित नहीं किया।
दूसरी बार हुई आम सभा में वर्ष 2018 का माध्यमिक विद्यालय परीक्षा (वार्षिक) और वर्ष 2020 का इन्टमीडिएट वार्षिक परीक्षा का अंक व प्रवेश पत्र आदि समर्पित किया गया।
इससे भी स्पष्ट हो रहा है कि सेविका पद पर चयन के लिए पहली बार आम सभा में पूजा के पास शैक्षणिक योग्यता से संबंधित कोई प्रमाण पत्र नहीं था, परन्तु दूसरी बार फर्जी तरीके से शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण पत्र तैयार करा लिया।
प्रभारी सीडीपीओ राजेश सिन्हा ने उप विकास आयुक्त के निर्देश पर पूजा दास को चयन मुक्त कर दिया। मंगलवार को बीडीओ सह सीडीपीओ राजेश सिन्हा ने केंद्र जाकर पूजा को चयन मुक्त का पत्र दिया।
जांच में प्रमाण पत्र फर्जी साबित होने के कारण पूजा का चयन रद किया गया है। प्राथमिकी के लिए रानीश्वर थाना में आवेदन दिया गया है। -राजेश कुमार सिन्हा, प्रभारी सीडीपीओ, रानीश्वर
