दुमका में बच्चा चोरी के शक में आदिम जनजाति की 2 महिलाओं समेत 4 लोगों की पिटाई, अस्पताल में भर्ती
दुमका के रामगढ़ थाना क्षेत्र में बच्चा चोरी के शक में आदिम जनजाति समुदाय के चार लोगों की ग्रामीणों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
दुमका में बच्चा चोरी के शक में चार की पिटाई।
आदिम जनजाति समुदाय के दो पुरुष, दो महिलाएं घायल।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जांच जारी।
संवाद सहयोगी, रामगढ़(दुमका)। रामगढ़ थाना क्षेत्र की नौखेता पंचायत के बिंधासारे गांव में शनिवार की देर शाम बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने आदिम जनजाति समुदाय की दो पुरुष व दो महिला की बेरहमी से पिटाई कर दी।
ग्रामीणों की पिटाई से एक पुरुष एवं एक महिला बुरी तरह घायल हो गयी है वहीं दो अन्य महिलाओं को भी गंभीर चोट लगी है।
काठीकुंड थाना क्षेत्र के झगराई गांव के राजू देहरी, प्रदीप देहरी परिवार के साथ बरमसिया पंचायत के लेटो गांव में अपने साढू उत्तम सिंह की बेटी की शादी समारोह में शामिल होने 25 जून को आया था।
27 जून की दोपहर राजू देहरी व प्रदीप देहरी का बच्चा जोरिया में स्नान करने गया था। जब बच्चे लोग काफी देर तक स्नान करने के बाद भी नहीं आए, तब राजू की पत्नी मिनी देवी, उसकी बेटी प्रीति कुमारी व दो अन्य महिला बच्चों को ढूंढने के लिए जोरिया की तरफ गई।
बच्चों को वहीं पर डांटा। इसके बाद बच्चा दूसरे छोर पर उठकर रोते हुए भागने लगा। वहीं, पर बिंधासारे गांव की भी एक आदिवासी महिला स्नान कर रही थी। बच्चे को रोता देख वह किडनी चोर किडनी चोर चिल्लाने लगी।
इसके बाद गांव के ग्रामीण जमा हो गए और सभी महिलाओं को पकड़ कर उनके साथ मारपीट प्रारंभ कर दी। सूचना मिलने पर राजू देहरी व प्रदीप देहरी आया और ग्रामीणों के चंगुल से महिलाओं को बचाने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने उनकी भी पिटाई कर दी।
घटना में राजू देहरी के सिर पर गंभीर चोट लगी है। ग्रामीणों की पिटाई से दो अन्य महिला भी घायल हो गयी है जबकि अन्य को भी काफी चोट लगी है।
सभी लोग बार-बार अपनी सफाई दे रहे थे, लेकिन ग्रामीण किसी की बात सुनने के लिए तैयार नहीं हुए। घटना के बाद लेटो व बिंधासारे गांव के लोगों के बीच तनाव का माहौल है।
रात लगभग नौ बजे सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
जहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीन को दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। राजू को रेफर कर दिया गया है।
जबकि बाकी को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि सभी घायलों को इलाज कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने अभी तक कार्रवाई के लिए आवेदन नहीं दिया है। आवेदन मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी
पहले भी चोर के शक में हो चुकी है बेकसूर की पिटाई
अप्रैल माह में बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने कई बेकसूर की पिटाई कर दी थी। पांच अप्रैल को नगर थाना की दुधानी पंचायत के सरूवा गांव में शराब पीने के लिए निकले बीटेक के छात्र रंजीत कुमार को लोगों ने बच्चा चोर के शक में पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पेड़ से बांध दिया।
नगर थाना की पुलिस ने युवक को मुक्त कराकर थाना लाई और बाद में शहर में रहने वाले पिता के सुपुर्द कर दिया। युवक के पिता वन विभाग के सेवानिवृत्त रेंजर हैं।
गोपीकांदर में की थी भाई बहन की पिटाई
गोपीकांदर बाजार में छह अप्रैल की दोपहर बहरूपिया भाई बहन को लोगों ने बच्चा चोर समझकर पीट दिया था। दोनों गोपीकांदर के किराना,नाश्ता दुकानों और कई घरों में कलाकारी दिखाकर पैसों की मांग कर रहे थे।
ग्रामीणों ने दोनों को रोककर आधार आईडी दिखाने को कहा। भाई बहन ने बताया कि हम लोग कलाकार हैं और पिछले पांच साल से शिकारीपाड़ा में रह रहे हैं।
ऐसे ही घूम-घूम कर, काठीकुंड, शिकारीपाड़ा, पाकुड़िया, आमाड़ापड़ा, गोपीकांदर में पेट और परिवार के भरन पोषण के लिए स्वेच्छा से पैसा मांगकर जीवन यापन करते हैं। आईडी नहीं दिखने पर दोनों को पकड़कर पीटा। पुलिस ने किसी तरह से दोनों को बचाया।