विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने घेरा उपायुक्त कार्यालय, धनबाद में 2 हजार की आबादी परेशान

Published: Tue, 08 Sep 2026 02:25 PM (IST)

धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के तुरी टोला के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया।

सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने घेरा उपायुक्त कार्यालय

सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने घेरा उपायुक्त कार्यालय

HighLights

  1. तुरी टोला के ग्रामीणों ने उपायुक्त कार्यालय घेरा।

  2. सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन।

  3. दो हजार आबादी को आवागमन में परेशानी।

जागरण संवाददाता, धनबाद। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के बड़ाजमुआ पंचायत स्थित तुरी टोला के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर आवागमन की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि तुरी टोला में करीब दो हजार की आबादी रहती है, लेकिन आवागमन के लिए समुचित सड़क नहीं है। खासकर बारिश के मौसम में स्थिति बेहद खराब हो जाती है। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं।

कई वर्षों से वे सड़क निर्माण की उम्मीद

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर पूर्व में विधायक, सांसद, उपायुक्त, उप विकास आयुक्त और मुख्यमंत्री के समक्ष भी अपनी समस्या रखी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने कहा कि कई वर्षों से वे सड़क निर्माण की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने उपायुक्त से सड़क निर्माण में आ रही सभी बाधाओं को दूर कर जल्द से जल्द पथ निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क बन जाने से तुरी टोला के करीब दो हजार लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

घेराव में सुरेंद्र प्रसाद तुरी, राधा प्रसाद, तुलसी कुमारी, रेणु कुमारी, नीलम कुमारी, महेश तुरी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।