Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धनबाद के मनियाडीह जंगल में मिला अज्ञात युवक का शव, पुलिस ने जताई हत्या की आशंका

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 01:03 PM (IST)

    Dhanbad News:धनबाद के मनियाडीह थाना क्षेत्र के नवादा जंगल में एक अज्ञात युवक का रक्तरंजित शव मिलने से सनसनी फैल गई। ...और पढ़ें

    जंगल में मिले शव की जांच करती पुलिस। (प्रतीकात्मक फोटो)

    जंगल में मिले शव की जांच करती पुलिस। (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. धनबाद के नवादा जंगल में अज्ञात युवक का शव मिला।

    2. पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या का मामला बताया, जांच जारी।

    3. शव की शिनाख्त और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार।

    संवाद सहयोगी, टुंडी (धनबाद)। झारखंड के धनबाद जिले के मनियाडीह थाना क्षेत्र के नवादा जंगल में शनिवार सुबह करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव जंगल के अंदर पड़ा था।

    सूचना मिलते ही मनियाडीह थाना प्रभारी अकबर खान, इंस्पेक्टर साजिद हुसैन और टुंडी डीएसपी नाजिर अख्तर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। शव को पहचान नहीं हो पाई है।

    हत्या के बाद शव को नवादा जंगल में फेंके जाने की आशंका 

    पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला है। डीएसपी नाजिर अख्तर ने बताया कि युवक की हत्या कहीं और करने के बाद पहचान छिपाने की नीयत से शव को नवादा के घने जंगल में फेंके जाने की आशंका है। शव पूरी तरह खून से सना हुआ था। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाया है और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

    मनियाडीह थाना की पुलिस के अनुसार, सुबह जंगल में मशरूम चुनने गए कुछ ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। उन्होंने इसकी सूचना स्थानीय मुखिया इंद्रलाल बास्की को दी, जिसके बाद मुखिया ने मनियाडीह थाना को घटना की जानकारी दी।

    फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों का मिलान करने के साथ-साथ शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।

    सोनेत संथाल समाज ने कार्रवाई की मांग की 

    इधर, घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सोनेत संथाल समाज के केंद्रीय कोषाध्यक्ष रतिलाल टुडू ने हत्या की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।