Rural LPG उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, अब 25 दिन में बुक करें गैस सिलेंडर
Rural LPG Booking New Rule: ग्रामीण एलपीजी उपभोक्ताओं को अब सिलेंडर बुक कराने के लिए 45 की जगह सिर्फ 25 ...और पढ़ें

LPG Booking नियमों में बदलाव। (प्रतीकात्मक फोटो)
संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया (कोडरमा)। ग्रामीण क्षेत्र के रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें दूसरा एलपीजी सिलेंडर बुक कराने के लिए 45 दिनों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग का अंतर अब समान रूप से 25 दिन कर दिया गया है। यानी पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता भी अगला सिलेंडर बुक करा सकेंगे।
एलपीजी रिफिल बुकिंग को लेकर ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के बीच लंबे समय से अंतर बना हुआ था।
शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को 25 दिन बाद रिफिल बुक कराने की सुविधा थी, जबकि ग्रामीण उपभोक्ताओं को 45 दिनों तक इंतजार करना पड़ता था। अब दोनों क्षेत्रों के लिए 25 दिन का समान अंतराल निर्धारित होने से यह अंतर समाप्त हो गया है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की खपत परिवार के सदस्यों की संख्या और खाना पकाने की जरूरत पर निर्भर करती है, न कि ग्रामीण या शहरी क्षेत्र पर। ऐसे में समान बुकिंग व्यवस्था होने से ग्रामीण उपभोक्ताओं को समय पर रिफिल उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।
रामपाल एजेंसी के मैनेजर राजू अजमानी ने बताया कि ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए रिफिल बुकिंग के अंतर को 45 दिनों से घटाकर 25 दिन किए जाने से उपभोक्ताओं को काफी सहूलियत मिलेगी।
झुमरीतिलैया में सितंबर में 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1001 रुपये है। वहीं, 19 किलोग्राम के व्यावसायिक सिलेंडर की कीमत 2935 रुपये बताई गई है।
