धनबाद में ओडिशा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डकैती-हत्या के 6 आरोपी गिरफ्तार
Dhanbad News:ओडिशा पुलिस ने भद्रक में हुई डकैती और हत्या के मामले में झारखंड के धनबाद में कार्रवाई की। बरवाअड्डा से 6 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। ...और पढ़ें

धनबाद के बरवाअड्डा में छापामारी करने पहुंची ओडिशा पुलिस। (फोटो जागरण)
संवाद सूत्र, बरवाअड्डा(धनबाद)। ओडिशा के भद्रक जिले में हुई डकैती और हत्याकांड की जांच में ओडिशा पुलिस ने झारखंड के धनबाद में दबिश दी। भद्रक के ग्रामीण एसडीपीओ के नेतृत्व में ओडिशा पुलिस की टीम ने बरवाअड्डा थाना पुलिस के सहयोग से थाना क्षेत्र में छापेमारी कर छह संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भद्रक जिले के सोबरंग थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक घर में डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने एक व्यक्ति की निर्मम हत्या भी कर दी थी। घटना के संबंध में सोबरन थाना में डकैती व हत्या का मामला (कांड संख्या 578) दर्ज किया गया था।
वारदात के बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी थी। मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपियों के बरवाअड्डा क्षेत्र में छिपे होने के सुराग मिले। इसके आधार पर ओडिशा पुलिस ने स्थानीय बरवाअड्डा पुलिस की मदद से विभिन्न गांवों में सघन छापेमारी अभियान चलाया।
इस कांड के सरगना भरत साव को पुलिस ने जीटी रोड खरनी से गिरफ्तार किया। भरत को हिरासत में लेने के बाद पुलिस उसके निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर छाताटांड गांव से गिरोह के लाल बहादुर साव, सोनरीया गांव से देवीलाल दास व प्रकाश दास, मधुगोडा गांव से कालाचंद साव तथा गोविंदपुर निवासी करीम अंसारी को गिरफ्तार किया।
खबरें और भी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी भरत साव के घर से लूट के 1.5 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस सभी आरोपियों को ओडिशा ले जाकर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।