मैथन में मवेशी लदे ट्रक को पकड़ते ही बवाल, गोरक्षा दल के आधा दर्जन सदस्य हिरासत में
मैथन सीमा पर मवेशियों से लदे एक ट्रक को गोरक्षा दल ने पशु तस्करी के शक में पकड़ा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस ने चालक से मारपीट के आरोप में गोरक्षा ...और पढ़ें

मैथन में पकड़ा गया मवेशी लदा ट्रक। (फोटो साैजन्य)
HighLights
मैथन में मवेशी लदे ट्रक को गोरक्षा दल ने रोका।
पुलिस ने चालक से मारपीट के आरोप में सदस्यों को हिरासत में लिया।
आरएसएस और विहिप ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
संवाद सूत्र, मैथन (धनबाद)। झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा पर सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब मवेशियों से लदे एक ट्रक को गोरक्षा दल के सदस्यों ने पकड़ लिया। ट्रक पकड़े जाने के बाद मामला इतना गरमा गया कि मौके पर पहुंची मैथन पुलिस ने गोरक्षा दल के करीब आधा दर्जन सदस्यों को ही हिरासत में ले लिया।
पुलिस का आरोप है कि पश्चिम बंगाल से आए युवकों ने एनएच-19 पर खड़े ट्रक चालकों के साथ मारपीट की। इस दौरान ट्रक चालक राजेश यादव की कथित पिटाई से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज धनबाद के असर्फी अस्पताल में चल रहा है।
गोरक्षा दल के सदस्यों का कहना है कि मैथन क्षेत्र से ट्रक में मवेशियों को लादकर पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भेजे जाने की तैयारी थी। सूचना मिलने पर उन्होंने ट्रक को पकड़ा। सदस्यों के अनुसार ट्रक में मवेशियों को बेहद क्रूर तरीके से ठूंसकर रखा गया था। इसी आधार पर उन्होंने पशु तस्करी की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
आरएसएस और विहिप ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के धनबाद जिला सह-कार्यवाह प्रेम कुमार ने कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस ने सोमवार को डिबुडीह चेकपोस्ट के समीप मवेशी लदे ट्रक को पकड़कर चालक सहित चार लोगों को जेल भेजा है।
खबरें और भी
उनका आरोप है कि मैथन में भी इसी तरह की कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन पशु तस्करी के आरोपितों के बजाय गोरक्षा दल के सदस्यों को हिरासत में लिया गया। विश्व हिंदू परिषद समन्वय समिति विभाग के नीलय कुमार गडयान ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया।
उन्होंने कहा कि चालक के साथ मारपीट का आरोप गलत है। उनके अनुसार चालक ने गोरक्षा दल के सदस्यों को वाहन से कुचलने का प्रयास किया था।
मैथन में बढ़ी पशु तस्करी की चर्चा
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से मैथन ओपी क्षेत्र के रास्ते पशु तस्करी की गतिविधियों की चर्चा बढ़ी है। आरोप है कि तस्कर पुलिस की नजर से बचने के लिए छोटे वाहनों के जरिए मवेशियों को पश्चिम बंगाल की ओर ले जाते हैं। इसी क्रम में सोमवार को ट्रक पकड़े जाने की बात सामने आई।
ट्रक पकड़े जाने के बाद विवाद बढ़ा और ट्रक चालक के साथ मारपीट की गई। चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान और उनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है। शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
अभिनव कुमार, प्रभारी, मैथन ओपी