विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद भाजपा में तीन खेमों के बीच कुंभनाथ सिंह की एंट्री से बढ़ी हलचल, नए सियासी समीकरण के संकेत

Published: Thu, 08 Oct 2026 11:58 PM (IST)

BJP Dhanbad Politics: धनबाद में विधानसभा चुनाव से ढाई साल पहले ही राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

गांधी जयंती पर धनबाद के पूर्व सांसद पीएन सिंह को खादी का शॉल भेंट कर सम्मानित करते कुंभनाथ सिंह। (फोटो साैजन्य)

गांधी जयंती पर धनबाद के पूर्व सांसद पीएन सिंह को खादी का शॉल भेंट कर सम्मानित करते कुंभनाथ सिंह। (फोटो साैजन्य)

HighLights

  1. कुंभनाथ सिंह के आवास पर सैकड़ों युवा हुए एकत्रित।

  2. समर्थकों ने कुंभनाथ सिंह को विधायक बनाने का किया ऐलान।

  3. विधानसभा चुनाव से पहले धनबाद में तेज हुई राजनीतिक सरगर्मी।

डिजिटल डेस्क, धनबाद। Dhanbad BJP Politics:  धनबाद भाजपा की राजनीति इन दिनों दिलचस्प मोड़ पर है। पार्टी में फिलहाल मुख्य रूप से तीन खेमे सक्रिय माने जा रहे हैं। एक खेमा धनबाद के सांसद ढुलू महतो का है, दूसरा धनबाद विधायक राज सिन्हा का, जबकि तीसरा झरिया विधायक रागिनी सिंह के नेतृत्व में है। 

Kumbh Nath Singh

हाल के दिनों में कुंभनाथ सिंह ने अपनी राजनीतिक इच्छा जाहिर कर पार्टी के भीतर नई हलचल पैदा कर दी है। इससे धनबाद भाजपा की सियासत में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है। भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं के बड़े समूह का झुकाव कुंभनाथ की ओर देखा जा रहा है।

हालांकि, झारखंड विधानसभा चुनाव अभी दूर है। इससे पहले लोकसभा चुनाव होना है। इसके बावजूद बीसीसीएल में आउटसोर्सिंग कंपनी के संचालक और भाजपा में सक्रिय कुंभनाथ सिंह ने धनबाद विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का संकेत देकर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। इसके बाद धनबाद महानगर भाजपा का एक बड़ा समूह उनके समर्थन में नजर आ रहा है।

कुंभनाथ सिंह इन दिनों धनबाद के पूर्व सांसद पीएन सिंह समेत भाजपा के कई बड़े-छोटे नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। झरिया से लेकर धनबाद तक सामाजिक और राजनीतिक कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी दिख रही है।

हाल ही में गांधी जयंती के मौके पर वह धनबाद के पूर्व सांसद पीएन सिंह, धनबाद महानगर भाजपा अध्यक्ष श्रवण राय और महानगर कमेटी के पदाधिकारियों के साथ रणधीर वर्मा चौक स्थित खादी ग्रामोद्योग की दुकान पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गांधी जयंती के अवसर पर सभी को खादी का शॉल भेंट किया।

तीन दिन पूर्व बड़ी संख्या में युवाओं ने कुंभनाथ सिंह के समर्थन में खड़े होने और आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें समर्थन देने की घोषणा की। बताया गया कि इस जुटान में कुछ ऐसे लोग भी शामिल थे, जो पूर्व में सिंह मेंशन से जुड़े रहे हैं।

आवास पर पहुंचे समर्थकों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। इस दौरान कुंभनाथ सिंह के समर्थन में नारे भी लगाए गए। रिंकू खान, विक्की राम, सनी पासवान, सागर पासवान, नेहाल पासवान और अभिषेक कुमार समेत बड़ी संख्या में युवा उनके आवास पहुंचे।

समर्थकों ने कहा कि कुंभनाथ सिंह लगातार लोगों के सुख-दुख में खड़े रहते हैं और जरूरतमंदों की मदद करते हैं। उनका कहना था कि ऐसे व्यक्ति को विधानसभा में जनता की आवाज उठाने का अवसर मिलना चाहिए। समर्थकों ने आगामी चुनाव में उनके पक्ष में समर्थन देने की बात कही।

वहीं, कुंभनाथ सिंह ने कहा कि उन्होंने किसी को बुलाया नहीं था। उनके अनुसार, लोग उनके सामाजिक कार्यों से प्रभावित होकर स्वयं उनके पास पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद इसी तरह मिलता रहा तो विधायक के रूप में जनता की समस्याओं को विधानसभा तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए काम करने का अवसर मिलेगा।

विधानसभा चुनाव में अभी लंबा समय बाकी है, इसके बावजूद इस तरह का जुटान धनबाद की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। इसे समर्थकों का उत्साह माना जाए या आगामी चुनाव की शुरुआती तैयारी, फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि कुंभनाथ सिंह की सक्रियता आने वाले दिनों में भाजपा की स्थानीय राजनीति को किस दिशा में ले जाती है।

यह भी पढ़ें- नाना पाटेकर-तनुश्री विवाद का झारखंड कनेक्शन, तत्कालीन CM मधु कोड़ा ने MNS प्रमुख के खिलाफ खोला था मोर्चा

यह भी पढ़ें- सीएमपीएफओ-डीएचएफएल निवेश घोटाला: 727 करोड़ के नुकसान की सीबीआई करेगी जांच, हाईकोर्ट का आदेश