कुमारधुबी स्टेशन पर पटना इंटरसिटी का होगा ठहराव! BJP प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम से की बात
BJP प्रतिनिधिमंडल ने कुमारधुबी स्टेशन पर सात महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव और अमृत भारत स्टेशन योजना के अधूरे काम को लेकर आसनसोल डीआरएम से मुलाकात की। ...और पढ़ें

आसनसोल डीआरएम को ज्ञापन सौंपते भाजपा नेता जयप्रकाश सिंह और अन्य। (फोटो सौजन्य)
संवाद सहयोगी, चिरकुंडा। पूर्व रेलवे के कुमारधुबी स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव और अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के अधूरे निर्माण कार्य को लेकर सोमवार को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्या से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा नेता जयप्रकाश सिंह कर रहे थे।
प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो की ओर से एक मांगपत्र सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कुमारधुबी स्टेशन का आधुनिकीकरण हो रहा है।
योजना के अनुसार निर्माण कार्य 2024 तक पूरा होना था, लेकिन समय बीत जाने के बाद भी काम अधूरा है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।
सांसद ने कुमारधुबी स्टेशन पर सात महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग की, जिनमें धनबाद–पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस, जयनगर–राउरकेला एक्सप्रेस, टाटा–जयनगर एक्सप्रेस, रांची–भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस, दरभंगा–सिकंदराबाद एक्सप्रेस, कोलकाता–गाजीपुर सिटी शब्दभेदी एक्सप्रेस और रांची–कामाख्या एक्सप्रेस शामिल हैं।
जयप्रकाश सिंह ने कहा कि कुमारधुबी झारखंड-बंगाल सीमा का महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां से रोज हजारों यात्री सफर करते हैं। ट्रेनों का ठहराव न होने से यात्रियों को धनबाद-आसनसोल जाना पड़ता है। इन ट्रेनों के ठहराव से निरसा, चिरकुंडा, कुमारधुबी और मैथन के लाखों यात्रियों को लाभ मिलेगा।
डीआरएम संग्रह ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि रेलवे जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा, जिससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगें पूरी होंगी। प्रतिनिधिमंडल में अरविंद सिन्हा, रानी केराई, सविता सिंह, विवेक साव आदि शामिल थे।