कुमारधुबी स्टेशन के विकास को मिलेगी रफ्तार! ट्रेनों के ठहराव को लेकर रेल मंत्री ने धनबाद सांसद को किया आश्वस्त
धनबाद सांसद ढुलू महतो के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कुमारधुबी स्टेशन के विकास और 17 करोड़ की गतिशक्ति ...और पढ़ें

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को गुलदस्ता भेंट करते सांसद ढुलू महतो, अशोक मंडल, सुनीता देवी, जयप्रकाश सिंह और अन्य। (फोटो साैजन्य)
जागरण संवाददाता, कुमारधुबी (धनबाद)। कुमारधुबी अमृत भारत रेलवे स्टेशन के समग्र विकास, महत्वपूर्ण मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव तथा क्षेत्र की लंबित रेलवे योजनाओं को गति देने की मांग को लेकर सोमवार को धनबाद सांसद ढुलू महतो के नेतृत्व में भाजपा का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली स्थित रेल भवन पहुंचा।
प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कुमारधुबी क्षेत्र की रेल समस्याओं और यात्रियों की जरूरतों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने गतिशक्ति योजना के तहत कुमारधुबी स्टेशन के समीप करीब 17 करोड़ रुपये की बंद पड़ी योजना को पुनः शुरू कराने की मांग प्रमुखता से रखी।
इसके अलावा अमृत भारत योजना के तहत कुमारधुबी स्टेशन के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्र की अन्य रेलवे संबंधी समस्याओं के समाधान का आग्रह किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कुमारधुबी स्टेशन पर कुल सात महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग रेल मंत्री के समक्ष रखी।
इनमें धनबाद-पटना इंटरसिटी, पटना-धनबाद इंटरसिटी, जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस तथा कोरोना काल से बंद वनांचल एक्सप्रेस समेत अन्य आवश्यक ट्रेनों को शामिल किया गया। सांसद ने कहा कि कुमारधुबी आसनसोल रेल मंडल का महत्वपूर्ण स्टेशन है और आसपास का क्षेत्र लंबे समय से औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है।
खबरें और भी
क्षेत्र में डीवीसी, विद्युत ताप गृह, क्रशर उद्योग, ईसीएल, बीसीसीएल समेत कई कल-कारखाने और औद्योगिक संस्थान हैं। इनमें कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और मजदूरों की बड़ी संख्या बिहार, उत्तर प्रदेश, बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों से आती है। महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण क्षेत्र के हजारों यात्रियों को करीब 40 किलोमीटर दूर धनबाद जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है।
इससे यात्रियों को समय और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। सांसद ने चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र के लाइकडीह में रेलवे लाइन के किनारे पक्की सड़क निर्माण के लिए रेलवे से एनओसी देने की मांग भी रखी। भाजपा नेता अशोक मंडल ने धनबाद से बर्द्धमान के लिए प्रातःकालीन ट्रेन तथा रात में आसनसोल से धनबाद की ओर जाने वाली ट्रेन की आवश्यकता का मुद्दा उठाया।
साथ ही धनबाद से गया एवं डेहरी तक चलने वाली ट्रेन का आसनसोल तक विस्तार करने की मांग की गई। भाजपा नेता जयप्रकाश सिंह ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और मांगों को रेल मंत्री के संज्ञान में रखा। रेल मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और कुमारधुबी क्षेत्र की आवश्यकताओं पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इससे क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि कुमारधुबी स्टेशन को जल्द ही महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव और विकास योजनाओं की सौगात मिल सकती है। प्रतिनिधिमंडल में चिरकुंडा नगर परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष रानी केराई, नंदलाल कुमार, विवेक साव आदि शामिल थे।