विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनबाद को हमेशा खलेगी सुदिव्य कुमार सोनू की कमी, झामुमो जिला कमेटी ने दी श्रद्धांजलि

Published: Tue, 08 Sep 2026 07:36 PM (IST)

JMM Dhanbad ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। जिलाध्यक्ष लक्खी सोरेन ने उनके ...और पढ़ें

धनबाद जिला कार्यालय में सुदिव्य कुमार सोनू के शोक सभा में शामिल झामुमो नेता।

धनबाद जिला कार्यालय में सुदिव्य कुमार सोनू के शोक सभा में शामिल झामुमो नेता।

HighLights

  1. झामुमो धनबाद जिला समिति ने सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धांजलि अर्पित की।

  2. लक्खी सोरेन ने निधन को झामुमो की अपूरणीय क्षति बताया।

  3. नेताओं ने सुदिव्य कुमार सोनू के जनसेवा के कार्यों को याद किया।

जागरण संवाददाता, धनबाद। झारखंड सरकार के मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर झामुमो धनबाद जिला समिति की ओर से मंगलवार को जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष लक्खी सोरेन की अध्यक्षता और जिला संगठन सचिव मनोज रवानी के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। जिलाध्यक्ष लक्खी सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन झामुमो ही नहीं, बल्कि पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है।

वह कर्मठ, संघर्षशील और जनसमर्पित नेता थे। संगठन और सरकार में रहते हुए उन्होंने आम जनता के हितों और झारखंड के अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज उठाई। उनके असमय निधन से झामुमो ने एक समर्पित साथी और झारखंड ने एक जुझारू जनप्रतिनिधि खो दिया है।

पूर्व महापौर सह वरिष्ठ झामुमो नेता चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन अत्यंत दुखद है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, संगठन के प्रति निष्ठा और झारखंड के प्रति प्रतिबद्धता उल्लेखनीय थी। उन्होंने कम समय में अपनी कार्यशैली और व्यवहार से अलग पहचान बनाई। झामुमो परिवार उनके अधूरे सपनों और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लेता है।

श्रद्धांजलि सभा में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुदिव्य कुमार सोनू के साथ बिताए समय और उनके योगदान को याद करते हुए उनके विचारों तथा जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सोनू धनबाद के पड़ोसी जिले गिरिडीह के रहने वाले थे। उनकी कमी धनबाद के नेताओं को हमेशा खलेगी।

कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य रमेश टुडू, गुरु चरण बास्की, जिला उपाध्यक्ष अजय रवानी, जिला प्रवक्ता समीर रवानी, महानगर अध्यक्ष मंटू चौहान, मिहिर दत्ता, टिंकू सरकार, सपन बनर्जी, रतिलाल टुडू, छात्र मोर्चा जिलाध्यक्ष आजाद महतो, बाघमारा प्रखंड अध्यक्ष धिरेन, अमित महतो सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।