मैथन में छापेमारी कर लौट रही पुलिस वैन की बरवाअड्डा में ट्रेलर से सीधी टक्कर, चलकुशा थाना के आरक्षी की मौत
Dhanbad News: हजारीबाग पुलिस की एक वैन धनबाद में छापेमारी के बाद लौटते समय बरवाअड्डा के पास खड़े ट्रेलर से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में एक आरक्षी की ...और पढ़ें

असर्फी अस्पताल में इलाजरत घायल पुलिसकर्मी और दुर्घटनाग्रस्त वाहन। (फोटो जागरण)
HighLights
पुलिस वैन की खड़े ट्रेलर से भीषण टक्कर।
एक आरक्षी की मौके पर ही दुखद मृत्यु।
चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
संवाद सूत्र, बरवाअड्डा (धनबाद)। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के अंतर्गत जीटी रोड जोड़ापीपल के समीप मंगलवार की अहले सुबह एक सड़क दुर्घटना में हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना में पदस्थापित आरक्षी राम लखन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पुलिस वैन के चालक समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए धनबाद के असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना की पुलिस टीम एक वैन से धनबाद के मैथन थाना क्षेत्र में छापेमारी करने आई थी। छापेमारी की कार्रवाई पूरी करने के बाद टीम वापस हजारीबाग लौट रही थी।
इसी दौरान मंगलवार सुबह लगभग 3:30 बजे, जोड़ापीपल के समीप कोलकाता-दिल्ली लेन पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पुलिस वैन की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वैन के परखच्चे उड़ गए।
वैन की अगली सीट पर बैठे आरक्षी राम लखन यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में वैन में सवार अन्य चार लोग आरक्षी नरेश कुमार, आरक्षी ग्रीन पासवान, वैन का चालक एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को वैन से बाहर निकाला और तुरंत असर्फी अस्पताल भिजवाया।
वहीं, मृतक आरक्षी के शव को कब्जे को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल धनबाद भेज दिया । पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।