Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'हथौड़ा से मारें क्या...', धनबाद डिस्ट्रिक्ट काउंसिल बैठक में ये क्या बोल गए CEO; भड़क उठे जिला परिषद सदस्य

    Updated: Mon, 02 Mar 2026 03:15 PM (IST)

    धनबाद जिला परिषद की बोर्ड बैठक सीईओ सन्नी राज के बीच में चले जाने से समाप्त हो गई। सीईओ की 'हथौड़ा से मारें क्या' टिप्पणी से सदस्य नाराज हुए। ...और पढ़ें

    धनबाद जिला परिषद की बोर्ड बैठक में हंगामा। (जागरण)

    धनबाद जिला परिषद की बोर्ड बैठक में हंगामा। (जागरण)

    HighLights

    1. सीईओ के जाने से धनबाद जिला परिषद बैठक समाप्त हुई।

    2. सीईओ की टिप्पणी पर सदस्यों ने कड़ी नाराजगी जताई।

    3. स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी जैसे मुद्दों पर हुई चर्चा।

    जागरण संवाददाता, धनबाद। जिला परिषद धनबाद की बोर्ड बैठक सोमवार को बीच में ही समाप्त हो गई। जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ) सह उपविकास आयुक्त सन्नी राज एक जरूरी मीटिंग होने के कारण बोर्ड बैठक से चले गए।

    इसके बाद बैठक ही समाप्त हो गई। वहीं, इससे पहले सदस्यों के सवाल पर राज ने कहा कि क्या सीएस को हथौड़ा से मारे, इस पर सदस्य काफी नाराज हो गए।

    बीच बचाव करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि मारने की बात नहीं है, लेकिन सीएस ने जो गलती की है उसकी लिखित दें। उनसे जो जवाब मांगा जा रहा है, उसे जिला परिषद को उपलब्ध कराना चाहिए।

    स्वास्थ्य केंद्र निर्माण स्थल बदलने जाने पर भड़का मामला 

    निरसा से जिला परिषद सदस्य पिंकी मरांडी ने बताया कि बेनागड़िया एक में स्वास्थ्य केंद्र निर्माण को लेकर शिलान्यास किया गया था। बाद में इसे दूसरे जगह स्थानांतरित कर निर्माण कार्य शुरू किया गया।

    जबकि इस स्थानांतरण संबंधी कोई भी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के सीएस की ओर से नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि सरकारी दस्तावेजों में कलियासोल और एगयारकुंड नए प्रखंड है। जबकि स्वास्थ्य विभाग इसे अब भी निरसा प्रखंड में मानता है। इसी मामले के सवाल पर सीईओ ने गलत बात कह दिया था।

    खबरें और भी

    बच्चा होने पर एसएनएमएमसीएच में मांगा जाता 5000 रुपये

    टुंडी की जिला परिषद सदस्य जेबा मोनिसेंट मरांडी ने एसएनएमएमसीएच समेत सभी सरकारी अस्पतालों में अव्यवस्था का मामला उठाया।

    उन्होंने बताया कि एसएनएमएमसीएच में लड़का होने पर प्रसुता से 5000 रुपये और लड़की होने पर 4000 रुपये की मांग की जाती है। वहीं जितने भी अस्पताल हैं उनमें साफ सफाई नहीं है। चिकित्सक नहीं बैठते और तकनीकी सामानों की घोर कमी है।

    ठेकेदार पर मेहरबान जिला परिषद

    गोविंदपुर की जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी मुर्मू ने बताया कि घटिया सड़क निर्माण करने वाले ठेकेदार को जिला परिषद की ओर से दुबारा काम दिया जा रहा है। जबकि उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई थी।

    उन्होंने सीधे तौर पर जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह पर मनमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब अध्यक्ष और उपाध्यक्ष कोई कार्रवाई नहीं कर सकते तो उन दोनों का पद पर बने रहने का कोई औचित्य नहीं है।

    बांस पर बिजली के तार 

    जिला परिषद सदस्य स्वाति ने कहा कि खरनी के चुटियारो, सैंड्रीया समेत तमाम गांव में बिजली का पोल तो गाडे गए हैं, लेकिन तार नहीं लगा है। पूरे गांव में बिजली के तार बांस पर ठीके हैं। घर के बगल में ही ट्रांसफर्मर लगाया गया है।

    इससे जानमाल का खतरा है। बड़ा पिछड़ी में डीएमएफटी फंड से पीसीसी सड़क निर्माण हो रहा है। इसमें घोर अनियमितता बरती जा रही है। उन्होंने इन मामलों पर कार्रवाई की मांग की।

    पेयजल संकट पर हुई चर्चा 

    बैठक में शामिल विधायक राज सिन्हा समेत तमाम सदस्यों ने गर्मी के दौरान पेयजल का समस्या उठाया। सिन्हा ने कहा कि मुनीडीह में गोपीनाथडीह जलापूर्ति योजना चल रही है।

    इसका कनेक्शन वहां कार्यरत आउटसोर्सिंग कंपनी इंदु को दे दिया गया है। यह कैसे हुआ इसकी जांच होनी चाहिए। इसके अलावा गर्मी को देखते हुए चापाकल मरम्मति, नाला निर्माण के काम पर उन्होंने जोर दिया।

    लीज पर दिया जाएगा बीएसएस कॉलेज जमीन को और निरीक्षण भवन

    जिला परिषद की बोर्ड बैठक में दो महत्वपूर्ण मामलों पर निर्णय लिया गया। बेकारबांध स्थित निरीक्षण भवन और बीएसएस कालेज की जमीन को लीज पर देने पर सहमति बनी।

    इस संबंध में जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने बताया कि निरीक्षण भवन का रख रखाव नहीं हो पा रहा है। लीज पर दिए जाने के बाद इसकी स्थिति में सुधार होगा और इसका उपयोग हो सकेगा।

    वहीं, बीएसएस कालेज की छात्राओं की पढ़ाई बाधित न हो इसके लिए जमीन को कालेज को लीज पर दिया जाना है। इसके लिए कालेज के साथ बैठक कर एक न्यूनतम भाड़ा निर्धारित किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- धनबाद मेयर चुनाव जीतने के बाद संजीव सिंह की BJP में होगी सम्मानजनक वापसी, शोकाज नोटिस होगा वापस

    बोर्ड की बैठक पूरी नहीं हो सकी। होली के तत्काल बाद बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में दुकान आवंटित करने, विवाह भवनों का रेट कम करने समेत तमाम योजनाओं पर चर्चा हुई।

    -

    शारदा सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष