धनबाद में बदला मौसम का मिजाज : सुबह गर्मी, शाम को बारिश; 23 को आंधी-गर्जन का ऑरेंज अलर्ट
Dhanbad Weather Alert: धनबाद में मौसम ने बुधवार को कई रंग दिखाए, सुबह तीखी धूप के बाद दोपहर में तेज आंधी और हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे बीएसएस महिला क ...और पढ़ें

एक ही दिन धनबाद के मौसम के दो रंग : दोपहर की गर्मी से बचने के लिए हाथ में पंखा लेकर कॉलेज जाती छात्रा और शाम में रणधीर वर्मा चौक पर बारिश में भींगती छात्राएं। (फोटोः शाहिद)
HighLights
धनबाद में तेज आंधी से पेड़ गिरा।
23 मई को आंधी-गर्जन का ऑरेंज अलर्ट।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात के संकेत।
जागरण संवाददाता, धनबाद। मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। धनबाद में बुधवार को सुबह से दोपहर तक तीखी धूप और उमस भरी गर्मी परेशान करती रही। दोपहर बाद एकाएक मौसम बदल गया। जोरदार आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। 10-15 मिनट तक असर दिखाने के बाद आंधी थम गई।
आंधी रुकते ही धूप खिल गई। पर खिली धूप के बीच ही जोरदार गर्जन के साथ हल्की फुहारें पड़ी। लगभग 10 मिनट की बूंदाबांदी के बाद बारिश भी रुक गई। हल्की बारिश से जहां गर्मी की तपिश कम हुई, वहीं चंद मिनटों की आंधी में बीएसएस महिला कालेज परिसर में पेड़ गिर गया।
मौसम विभाग ने 23 मई को एक बार फिर गर्जन के साथ आंधी का आरेंज अलर्ट जारी किया है। 26 मई तक गरज के साथ आंधी-बारिश की गतिविधि जारी रहने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवात के मिल रहे संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर से बंगाल की खाड़ी तक ट्रफ फैला हुआ है। दूसरी ओर, मध्य क्षोभमंडल स्तर पर पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। एक साथ कई प्रणालियों के सक्रिय होने से अगले कई दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव दिखने के आसार हैं।
मानसून के जानकार डा. एसपी यादव का कहना है कि मई माह में बंगाल की खाड़ी में चक्रवात की प्रबल संभावना रहती है। चक्रवाती घेरा बन रहा है जिससे चक्रवात आने के संकेत मिल रहे हैं। समुद्री बादलों की आवाजाही के कारण ही गर्मी और उमस बढ़ रही है। इसका असर अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है।
खबरें और भी
आज 40 तो कल से 41 डिग्री तापमान, गर्मी दिखाएगी असर
पिछले कई दिनों से शहर का तापमान 39 डिग्री के आसपास बना हुआ है। गुरुवार को एक डिग्री बढ़ कर 40 पर पहुंच सकता है। उसके बाद के तीन दिनों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री पर रहने की संभावना है।
यानी पूरे सप्ताह भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। 23 को गर्जन- आंधी से थोड़ी राहत मिल सकती है।